हैदराबादः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य स्तरीय बैठक में शामिल होंगे। बैठक के दौरान शाह भाजपा की तेलंगाना इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे। हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव के बाद शाह की राज्य की यह पहली यात्रा है, जिसमें भाजपा को ‘‘निराशाजनक’’ परिणाम मिले। भाजपा के सूत्रों ने कहा, ‘‘अमित शाह श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर (ऐतिहासिक चारमीनार के पास) जाएंगे। इसके बाद वह राज्य भर से आए पार्टी नेताओं की बैठक को संबोधित करेंगे।
Related Stories
विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा भी होगी
बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा होगी। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में तेलंगाना की 17 सीटों में से चार पर जीत दर्ज की थी, लेकिन हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत से उसकी उम्मीदों को धक्का लगा है।
विधानसभा चुनाव में मिली थी 8 सीटें
बता दें कि अभी हाल में ही हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सिर्फ आठ सीटों से संतोष करना पड़ा। जबकि कांग्रेस ने 64 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में सरकार बना ली है। बीआरएस को 39 सीटें मिली हैं। ऐसे में बीजेपी लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ रही है।