1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना में बीआरएस को लगा एक और बड़ा झटका, विधायक प्रकाश गौड़ कांग्रेस में शामिल

तेलंगाना में बीआरएस को लगा एक और बड़ा झटका, विधायक प्रकाश गौड़ कांग्रेस में शामिल

 Published : Jul 12, 2024 11:39 pm IST,  Updated : Jul 12, 2024 11:42 pm IST

रामाराव ने इससे पहले विधायकों के दलबदल को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला किया था और उनसे पूछा था कि क्या यही वह तरीका है जिससे वह संविधान की रक्षा करेंगे।

 विधायक प्रकाश गौड़ कांग्रेस में शामिल- India TV Hindi
विधायक प्रकाश गौड़ कांग्रेस में शामिल Image Source : X@INCTELANGANA

 हैदराबाद: तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक प्रकाश गौड़ शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए, जिससे सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने वाले विपक्षी विधायकों की कुल संख्या आठ हो गई। राजेंद्रनगर से निर्वाचित गौड़ का मुख्यमंत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ए.रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस में स्वागत किया। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि आने वाले दिनों में बीआरएस के और विधायक सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होंगे।

बीआरएस के आठ विधायक कांग्रेस में हो चुके हैं शामिल

पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनावों में बीआरएस ने कुल 119 विधानसभा क्षेत्रों में से 39 पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस 64 सीट जीतकर सत्ता में आई थी। सिकंदराबाद छावनी से बीआरएस विधायक जी लास्या नंदिता की इस साल की शुरुआत में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। हाल ही में हुए उप-चुनाव में कांग्रेस ने वहां से जीत हासिल की। ​​इससे कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़कर 65 हो गई।

बीआरएस के आठ विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही उसके विधायकों की संख्या 73 हो गई। हाल में बीआरएस के छह विधान पार्षद भी सत्तारूढ़ कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके साथ ही 40 सदस्यीय विधान परिषद में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 10 हो गई है।

बीआरएस को अभी और लग सकता है झटका

इस बीच, विधायक दानम नागेन्द्र ने शुक्रवार को दावा किया कि बीआरएस के पास आने वाले दिनों में कुछ ही विधायक बचेंगे। नागेन्द्र कांग्रेस में शामिल होने वाले पहले बीआरएस विधायक थे। दलबदल विरोधी कानून के तहत विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने की बीआरएस की मांग पर नागेन्द्र ने कहा कि पार्टी को ऐसा करने का अधिकार है। उन्होंने हालांकि दावा किया कि बीआरएस जल्द ही अपनी ताकत खो देगी। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी.रामाराव ने इससे पहले विधायकों के दलबदल को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला किया था और उनसे पूछा था कि क्या यही वह तरीका है जिससे वह संविधान की रक्षा करेंगे।

इनपुट-भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।