1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. हैदराबाद में रहने वालों की होगी बल्ले-बल्ले, इन नए रूटों पर भी दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन

हैदराबाद में रहने वालों की होगी बल्ले-बल्ले, इन नए रूटों पर भी दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन

 Published : Jun 06, 2025 05:56 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 05:56 pm IST

हैदराबाद मेट्रो का 86.1 किमी तक विस्तार प्रस्तावित है, जिसकी लागत 19,579 करोड़ रुपये है। तेलंगाना की राजधानी में पहली बार मेट्रो नवंबर 2017 में चलाई गई थी।

Hyderabad Metro expansion, Telangana government, Metro new routes- India TV Hindi
हैदराबाद मेट्रो रेल की शुरुआत 28 नवंबर 2017 को हुई थी। Image Source : PTI FILE PHOTO

हैदराबाद: तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद में मेट्रो रेल नेटवर्क को और विस्तार देने का बड़ा फैसला लिया है। गुरुवार रात को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में मेट्रो को 86.1 किलोमीटर तक बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया गया। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 19,579 करोड़ रुपये है, जिसे केंद्र सरकार के साथ साझेदारी में पूरा करने की योजना है। सूचना और जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस विस्तार के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी जाएगी। उन्होंने तेलंगाना के केंद्रीय मंत्रियों जी. किशन रेड्डी, बंडी संजय कुमार और मलकाजगिरी से बीजेपी सांसद एटाला राजेंद्र से अपील की कि वे केंद्र को इस प्रस्ताव के लिए राजी करें।

तेलंगाना सरकार का अब क्या प्लान है?

हैदराबाद मेट्रो के नए विस्तार में 86.1 किमी के 5 कॉरिडोर शामिल होंगे, जिनमें नागोले से शमशाबाद एयरपोर्ट (36.8 किमी), रायडुर्गम से कोकापेट नियोपोलिस (11.6 किमी), MGBS से चंद्रयानगुट्टा (7.5 किमी), मियापुर से पाटनचेरु (13.4 किमी) और एल.बी. नगर से हयात नगर (7.1 किमी) शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट को केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 50:50 के अनुपात में फंड करेंगी, जिसमें 48% फंड JICA, ADB और NDB जैसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से ऋण के रूप में आएंगे और 4% PPP मॉडल से आएगा। बता दें कि तेलंगाना सरकार का लक्ष्य हैदराबाद मेट्रो को 400 किमी से ज्यादा तक ले जाना है, जिसमें आउटर रिंग रोड (ORR) और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी शामिल है।

हैदराबाद में कब शुरू हुई थी मेट्रो?

हैदराबाद मेट्रो रेल की शुरुआत 28 नवंबर 2017 को हुई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मियापुर से नागोले तक 30 किलोमीटर के पहले हिस्से का उद्घाटन किया था। यह दुनिया का सबसे बड़ा मेट्रो प्रोजेक्ट है, जो पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत बना है। इसमें लार्सन एंड टुब्रो (L&T) की 90% हिस्सेदारी है, जबकि तेलंगाना सरकार की 10% हिस्सेदारी है। वर्तमान में हैदराबाद मेट्रो 69 किलोमीटर के नेटवर्क पर चल रही है, जिसमें तीन कॉरिडोर शामिल हैं: मियापुर से एल.बी. नगर, जुबली बस स्टेशन (JBS) से महात्मा गांधी बस स्टेशन (MGBS) और नागोले से रायडुर्ग। यह रोजाना करीब 5 लाख यात्रियों को सेवा देती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।