1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना लोकसभा चुनाव के लिए 17 दिन तक रोड शो करेंगे KCR, चौथे चरण में होगा मतदान

तेलंगाना लोकसभा चुनाव के लिए 17 दिन तक रोड शो करेंगे KCR, चौथे चरण में होगा मतदान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 21, 2024 05:19 pm IST,  Updated : Apr 21, 2024 05:21 pm IST

तेलंगाना में चौथे चरण में लोकसभा चुनाव होंगे। उससे पहले बीआरएस अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर 17 दिन तक रोड शो करेंगे।

के. चंद्रशेखर राव- India TV Hindi
के. चंद्रशेखर राव Image Source : FILE PHOTO

लोकसभा चुनाव का आगाज हो चुका है। देशभर में पहले चरण का चुनाव पूरा हो गया है। तेलंगाना राज्य की बात की जाए तो यहां की सभी 17 लोकसभा सीटों पर चौथे चरण में 13 मई को वोटिंग होगी। इस बीच, भारत राष्ट्र समिति (BRS) अध्यक्ष एवं तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान के तहत 24 अप्रैल से 17 दिन तक रोड शो करेंगे। रोड शो कार्यक्रम 24 अप्रैल को हैदराबाद से लगभग 140 किलोमीटर दूर मिर्यालगुडा में शुरू होगा और 10 मई को सिद्दिपेट के जिला मुख्यालय शहर में समाप्त होगा।

बीआरएस की ओर से रविवार को जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, रोड शो भुवनगिरी, महबूबनगर, नगरकुर्नूल, वारंगल, खम्मम, महबूबाबाद, निजामाबाद, मेडक और करीमनगर सहित विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे। केसीआर के नाम से लोकप्रिय राव पहले ही यहां के निकट चेवेल्ला और अंदोल विधानसभा क्षेत्र में रैलियों के साथ लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर चुके हैं। 

कई नेता बीआरएस छोड़ चुके हैं

बीआरएस ने 2019 में राज्य में लोकसभा की 17 सीट में से 9 पर जीत हासिल की थी। पिछले साल नवंबर में हुए तेलंगाना विधानसभा चुनावों में अपनी करारी हार के बाद बीआरएस लोकसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के साथ वापसी करने की कोशिश में लगी है। बीआरएस के कई नेता हाल ही में सत्तारूढ़ कांग्रेस या भाजपा में शामिल हो गए थे। बीआरएस विधायक दानम नागेंद्र और कादियाम श्रीहरि, हैदराबाद की महापौर विजय लक्ष्मी, उनके पिता एवं राज्यसभा सदस्य के. केशव राव कांग्रेस में शामिल हो गए, जबकि बीआरएस सांसद बीबी पाटिल और पी रामुलु ने भाजपा का दामन थाम लिया था। (भाषा)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।