1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. तेलंगाना चुनावों में हुई पवन कल्याण की एंट्री, 32 सीटों पर उतारे पार्टी के उम्मीदवार

तेलंगाना चुनावों में हुई पवन कल्याण की एंट्री, 32 सीटों पर उतारे पार्टी के उम्मीदवार

 Published : Oct 02, 2023 10:50 pm IST,  Updated : Oct 02, 2023 11:29 pm IST

पवन कल्याण की जनसेना पार्टी ने आंध्र प्रदेश के विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए तेलगु देशम पार्टी के साथ गठबंधन किया है। अब तेलंगाना में उनकी पार्टी के चुनाव लड़ने से यहां का भी चुनाव रोचक बन गया है।

Pawan Kalyan- India TV Hindi
पवन कल्याण Image Source : FILE

हैदराबाद : तेलगु फिल्मों के प्रसिद्द अभिनेता और अब राजनीति में कदम रख चुके पवन कल्याण ने तेलंगाना के चुनावों में भी एंट्री कर ली है। उनके दल जनसेना पार्टी ने तेलंगाना की विभिन्न 32 विधानसभा सीटों से उम्मीदवारों की एक सूची जारी की है। बता दें कि तेलंगाना में इस साल नवंबर में चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी, भारत राष्ट्र समिति और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। वहीं अब पवन कल्याण की एंट्री के बाद चुनाव और भी रोचक हो चले हैं। 

वहीं इससे पहले वह आंध्र प्रदेश के चुनावों के लिए तेलगु देशम पार्टी के साथ गठबंधन कर चुके हैं। पिछले दिनों पवन कल्याण ने 2024 में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जन सेना पार्टी और चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के गठबंधन का ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के कुछ ही दिनों बाद पवन कल्याण ने ये बड़ी घोषणा की थी। कल्याण ने कहा कि आंध्र प्रदेश अब जगन रेड्डी को नहीं झेल सकता।    

भाजपा के साथ हैं कल्याण

आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के साथ ही विधानसभा चुनाव भी आयोजित होंगे। पवन कल्याण की जन सेना फिलहाल भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए का हिस्सा है। भाजपा ने अब तक पवन कल्याण द्वारा टीडीपी के साथ गठबंधन के ऐलान पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है। इससे पहले पवन कल्याण की पार्टी ने 2019 चुनाव के समय बहुजन समाज पार्टी के साथ भी गठबंधन किया था। 

नायडू की गिरफ्तारी का विरोध

तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी पर उनके समर्थक राज्य में कई जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, कई राजनीतिक दलों ने भी नायडू की गिरफ्तारी का विरोध किया है। बता दें कि, कौशल विकास निगम घोटाले के मामले में गिरफ्तार आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।