वाईएसआर (YSR) तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला के पुत्र वाईएस राजा रेड्डी 17 फरवरी को अपनी प्रेमिका अटलुरी प्रिया के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। इंगेजमेंट 18 जनवरी को होनी है। शर्मिला ने सोमवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी शर्मिला ने लिखा, "सभी को मंगलमय 2024 की शुभकामनाएं! 18 जनवरी को मेरे बेटे वाईएस राजा रेड्डी की अटलुरी प्रिया के साथ इंगेजमेंट की खबर शेयर करते हुए खुशी हो रही है, उनकी शादी 17 फरवरी, 2024 को तय की गई है।"
Related Stories
अमेरिका में सेटल हैं दोनों
शर्मिला ने लिखा, "कल हम पहला इनविटेशन कार्ड पेश करने और पिताजी का आशीर्वाद लेने के लिए जल्द ही होने वाले दूल्हे और दुल्हन के साथ इडुपुलापाया में वाईएसआर घाट जाएंगे।" राजा रेड्डी और प्रिया की मुलाकात अमेरिका में मास्टर डिग्री की पढ़ाई के दौरान हुई थी और पिछले चार साल से वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों फिलहाल अमेरिका में सेटल हैं। जहां राजा रेड्डी एक प्रमुख सॉफ्टवेयर फर्म में काम करते हैं, वहीं प्रिया एक वित्तीय विश्लेषक के रूप में काम करती हैं।
दो परिवारों के बीच अंतरजातीय विवाह
यह आंध्र प्रदेश की दो सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली जातियों रेड्डी और कम्मा समुदायों के दो प्रसिद्ध परिवारों के बीच एक अंतरजातीय विवाह होगा। प्रिया कम्मा समुदाय के एक प्रमुख व्यवसायी अटलुरी विजया वेंकट प्रसाद की पोती हैं। वाईएसआर परिवार अंतरजातीय और यहां तक कि अंतर-धार्मिक शादियों के लिए जाना जाता है। शर्मिला के पति अनिल कुमार एक प्रचारक हैं।
- IANS इनपुट के साथ