1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बहराइच में बड़ा हादसा, 22 यात्रियों से भरी नाव डूबी, एक महिला की मौत; 13 लोगों को बचाया-8 अब भी लापता

बहराइच में बड़ा हादसा, 22 यात्रियों से भरी नाव डूबी, एक महिला की मौत; 13 लोगों को बचाया-8 अब भी लापता

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 30, 2025 06:33 am IST,  Updated : Oct 30, 2025 06:38 am IST

यूपी के बहराइच जिले में कौड़ियाला नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर 22 लोग सवार थे। इनमें से 13 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया जबकि एक महिला की मौत हो गई। 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

bahraich boat accident- India TV Hindi
मौके पर एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के तहत भरथापुर गांव के दूरदराज इलाके में बुधवार शाम कौड़ियाला नदी में यात्रियों से भरी एक नाव पलटने से उस पर सवार एक महिला की मौत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक नदी में तेज बहाव की वजह से पेड़ से टकराने की वजह से नाव का संतुलन बिगड़ा और पलट गया। नाव पर 22 लोग सवार थे। इनमें से 13 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया जबकि एक महिला की मौत हो गई। 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मौके पर एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।

कैसे हुआ हादसा?

एसपी रामनयन सिंह ने देर बताया कि भरथापुर गांव जंगल में स्थित जनपद का आखिरी गांव है। यहां से गांव के कुछ लोग नाव पर सवार होकर पड़ोसी लखीमपुर खीरी जिले के खैरटिया बाजार से खरीदारी करके गांव वापस लौट रहे थे। गांव के नजदीक पहुंचने पर नाव नदी के किनारे एक लकड़ी से टकराकर असंतुलित होकर पलट गई।

5 बच्चों सहिता आठ लोग लापता

एसपी ने बताया कि इस घटना में भगड़वा गांव की रहने वाली 60 वर्षीय रमजैया नामक एक महिला का शव बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पांच बच्चों सहित आठ लोग लापता हैं और उनकी तलाश, राहत व बचाव कार्य के लिए सशस्त्र सीमा बल व पुलिस की टीम लगी हुई हैं। मौके पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि लापता लोगों में नाविक मिहिलाल यादव (38), शिवनंदन मौर्य (50), सुमन (28), सोहनी (पांच), शिवम (नौ), मृतका रमजैया के दो पौत्र तथा पंचम की पांच वर्षीय पुत्री शामिल है।

CM योगी ने लिया घटना का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के भरथापुर गांव की नाव दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस, प्रशासन को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ दुर्घटना स्थल पर पहुंचने तथा तत्काल राहत कार्य को सुचारू रूप से सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।