1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मैं मुख्तार अंसारी का बेटा हूं, मेरी रगों में है उनका लहू', गाजीपुर में बोले विधायक अब्बास अंसारी

'मैं मुख्तार अंसारी का बेटा हूं, मेरी रगों में है उनका लहू', गाजीपुर में बोले विधायक अब्बास अंसारी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 22, 2026 11:59 pm IST,  Updated : Aug 23, 2026 12:02 am IST

कारगिल शहीद रामदुलार यादव की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में विधायक अब्बास अंसारी ने कहा कि मैं हूं मऊ विधायक अब्बास अंसारी, मुख्तार अंसारी का बेटा हूं, उनका लहू मेरी रगों में दौड़ रहा है।

Abbas Ansari Statement- India TV Hindi
गाजीपुर में विधायक अब्बास अंसारी का बड़ा बयान। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी में गाजीपुर के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के पडैनिया गांव में कारगिल शहीद रामदुलार यादव की 27वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस कार्यक्रम में मऊ के विधायक अब्बास अंसारी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। अब्बास अंसारी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा में उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान, अब्बास अंसारी ने ये भी याद दिलाया कि वह मुख्तार अंसारी के बेटे हैं।

अब्बास अंसारी ने पिता मुख्तार को किया याद

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अब्बास अंसारी ने मंच से अपना परिचय देते हुए कहा, “मैं हूं मऊ का विधायक और मैं मुख्तार अंसारी का बेटा अब्बास अंसारी हूं। उनका लहू मेरी रग-रग में दौड़ रहा है। जब आपको जरूरत हो, मांग लीजिएगा। मुझे भी चार साल के लिए जेल भेजा गया, लेकिन मैं डरा नहीं और मजबूत होकर आपके बीच आया हूं।”

अब्बास ने गाजीपुर को बताया वीरों की धरती

अब्बास अंसारी ने कहा कि गाजीपुर की धरती वीरों की धरती रही है। शहीद रामदुलार यादव ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि जिले के शायद ही किसी गांव का ऐसा परिवार होगा, जिसने देश की सेवा के लिए अपना बेटा न भेजा हो। मंच से अब्बास अंसारी ने आगे कहा कि मेरा समय खराब चल रहा है, तो आपका भी खराब ही चल रहा है, लेकिन समय जल्द बदलेगा।

कौन हैं अब्बास अंसारी?

बता दें कि अब्बास अंसारी ने 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में मऊ सदर सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के टिकट पर इलेक्शन जीता था। यह विधानसभा चुनाव तब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने समाजवादी पार्टी गठबंधन के तहत लड़ा था।

2025 में बहाल हुई थी अब्बास की सदस्यता

हालांकि, 2022 के एक हेट स्पीच के मामले में निचली अदालत ने अब्बास अंसारी को दो साल की सजा सुना दी थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी। लेकिन बाद में, इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद 8 सितंबर 2025 को यूपी विधानसभा सचिवालय ने मऊ सदर विधानसभा से विधायक अब्बास अंसारी की विधानसभा सदस्यता बहाल कर दी थी।

(इनपुट- शशिकांत तिवारी)

ये भी पढ़ें- VIDEO: पुलिस की छापेमारी के बाद सपा कार्यालय पहुंचे अब्बास अंसारी, 4 घंटे चली बैठक, कहा- 'सुई में डाल रहा था धागा'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।