Auto Driver Assault: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन परिसर में एक ऑटो चालक की कथित दबंगई से स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि हरिहरगंज का रहने वाला साहिल खान नामक ऑटो चालक आए दिन विवाद और मारपीट कर स्टेशन परिसर का माहौल खराब कर रहा है, जिससे यात्रियों और अन्य वाहन चालकों में भय का वातावरण बना हुआ है।
ऑटो में सवारी बैठाने को लेकर अक्सर होता है विवाद
बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन पर सवारी बैठाने और अन्य बातों को लेकर अक्सर कहासुनी और विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार समझाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया है और आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़े की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
वायरल हुआ मारपीट का वीडियो
इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर ऑटो चालक एक यात्री के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और मामले में कार्रवाई की मांग उठने लगी है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
ऑटो ड्राइवर और यात्री में हुई गुत्थम-गुत्था
वीडियो में दिख रहा है कि ऑटो ड्राइवर, यात्री को पकड़ लेता है। और फिर दोनों में गुत्थम-गुत्था होने लगती है। इस दौरान, दोनों एक-दूसरे को मुक्के भी मारते हैं। एक-दूसरे को जमीन पर गिराने की कोशिश करते हैं। इस दौरान, आसपास मौजूद लोग उन्हें लड़ाई खत्म करने और अलग करने के लिए कहते सुनाई देते हैं।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार हो रहे विवादों से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि स्टेशन परिसर में शांति व्यवस्था बनी रहे और यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
वायरल वीडियो और आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई शिकायत मिलती है या वायरल वीडियो के आधार पर तथ्य सामने आते हैं तो मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
(इनपुट- उमेश चंद्रा)
ये भी पढ़ें- मंदिर में चढ़ावे को लेकर पुजारियों के दो गुटों में चले लाठी-डंडे, बुजुर्ग को बुरी तरह पीटा; मारपीट का वीडियो वायरल