1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन की टाइमिंग में बदलाव, जानें कब खुलेगा कपाट और कब होगी श्रृंगार आरती?

अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन की टाइमिंग में बदलाव, जानें कब खुलेगा कपाट और कब होगी श्रृंगार आरती?

 Published : Feb 07, 2025 01:29 pm IST,  Updated : Feb 07, 2025 01:50 pm IST

राजभोग दोपहर 12 बजे लगाया जाएगा और भोग लगने के बाद भी श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार मंदिर में संध्या आरती शाम सात बजे होगी।

Ayodhya, Ram mandir- India TV Hindi
अयोध्या राम मंदिर Image Source : PTI

अयोध्या:  अगर आप अयोध्या रामलला के दर्शन के लिए जा रहे हैं तो आपके लिए यह जरूरी खबर है। रामलला मंदिर में दर्शन और अनुष्ठान के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है, जिसके तहत अब मंदिर सुबह सात बजे की जगह छह बजे खुलेगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मंदिर अब सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। ट्रस्ट के मुताबिक मंदिर में मंगला आरती तड़के चार बजे होगी जिसके बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद श्रृंगार आरती सुबह छह बजे होगी और उसी समय मंदिर आम लोगों के लिए खुल जाएगा। 

दोपहर 12 बजे लगाया जाएगा राजभोग 

ट्रस्ट के अनुसार राजभोग दोपहर 12 बजे लगाया जाएगा और भोग लगने के बाद भी श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार मंदिर में संध्या आरती शाम सात बजे होगी। इस दौरान मंदिर के पट 15 मिनट के लिए बंद रहेंगे और उसके बाद उन्हें खोल दिया जाएगा। ट्रस्ट ने कहा कि शयन आरती रात 10 बजे होगी, जिसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पहले शयन आरती रात साढ़े नौ बजे होती थी। राम मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण यह फैसला लिया है, ताकि आसानी से दर्शन किए जा सकें। दर्शन और अनुष्ठान के लिए शाम को लगभग आधा घंटा और सुबह डेढ़ घंटा जोड़कर कार्यक्रम को समायोजित किया गया है। श्रद्धालु प्रसाद के समय भी दर्शन कर सकेंगे। 

अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ी

बता दें कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ी है। केंद्र सरकार की ओर से भी सद में कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन में ‘काफी वृद्धि’ हुई है और जिले में आगंतुकों की कुल संख्या 2020 के 60 लाख से बढ़कर 2024 में 16 करोड़ से अधिक हो गई है। 

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन में काफी वृद्धि हुई है। अयोध्या के पर्यटन आंकड़ों के अनुसार, जिले में आगंतुकों की कुल संख्या 2020 के 60,22,618 से बढ़कर 2024 में 16,44,19,522 हो गई है।’’ 

उनसे पूछा गया था कि क्या सरकार ने देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार के लिए कोई कदम उठाया है। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह पिछले साल 22 जनवरी को हुआ था, जब मंदिर का आंशिक निर्माण किया गया था । फिलहाल श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के तहत पूरे ढांचे को पूरा करने के लिए काम चल रहा है। (इनपुट-भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।