1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दूल्हा पक्ष ने रखी 'बीयर और 8 लाख' की डिमांड, मना करने पर मारपीट; फिर लड़की ने लिया ये फैसला

दूल्हा पक्ष ने रखी 'बीयर और 8 लाख' की डिमांड, मना करने पर मारपीट; फिर लड़की ने लिया ये फैसला

 Edited By: Amar Deep
 Published : Apr 22, 2024 07:04 pm IST,  Updated : Apr 22, 2024 07:04 pm IST

यूपी के झांसी जिले में दूल्हा पक्ष ने लड़की वालों से बीयर और 8 लाख रुपये की मांग की है। वहीं जब लड़की वालों ने मना किया तो उन्होंने मारपीट भी की। इस सबके बाद लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया।

लड़की ने शादी से किया इनकार।- India TV Hindi
लड़की ने शादी से किया इनकार। Image Source : INDIA TV

झांसी: जिले में एक लड़की ने शादी से इनकार कर दिया, इसकी वजह लड़के वालों की मनमानी डिमांड और गुंडई रही। दरअसल, ये शादी इसलिए टूट गई क्योंकि दूल्हे के दोस्तों को स्वागत में बीयर नहीं दी गई। इसके साथ ही उन्होंने 8 लाख की मांग भी की। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के बाद लड़के पक्ष के लोगों ने मारपीट भी की। मारपीट के बाद लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष का कहना है कि पहले बिना किसी डिमांड के ये शादी तय हुई थी, लेकिन अब 8 लाख रुपये की मांग की जा रही है।

बारात वाले दिन पहुंचे लड़की के घर

दरअसल, पूरा मामला झांसी के थाना सीपरी बाजार के पाल कॉलोनी का है। पाल कॉलोनी निवासी सोनम की शादी थाना शहर कोतवाली क्षेत्र नई बस्ती के रहने वाले संतोष कश्यप के बेटे विशाल से तय हुई थी। शादी 21 अप्रैल को पाल कॉलोनी स्थित विवाह घर से होनी थी, लेकिन दिन में ही लड़के पक्ष के लोग अपने रिश्तेदारों के साथ लड़की पक्ष के घर जा पहुंचे। लड़की वालों ने उन्हें चाय नाश्ता के लिए पूछा तो वह बीयर पिलाने की बात करने लगे। साथ ही 8 लाख रुपये की मांग भी करने लगे। इसी पर बिगड़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि लड़की ने शादी करने से मना कर दिया।

 

बिना किसी मांग के तय हुई थी शादी

लड़की की मां ने बताया कि आज बारात आनी थी, लेकिन दिन में ही लड़के वाले कुछ लोगों के साथ घर पर आए और विवाद करने लगे। उन्होंने बताया कि पहले लड़के वालों ने बिना किसी मांग के शादी की बात की थी, लेकिन आज दोपहर में घर आये तो 8 लाख रुपये देने के बाद शादी की बात करने लगे। मना करने पर उन्होंने मेरे दामाद के साथ मारपीट भी की। साथ ही लड़की के साथ भी मारपीट की। अब मेरी बेटी उससे शादी करने के लिए तैयार नहीं है।

लड़की ने शादी से किया इनकार

वहीं जिस लड़की की शादी होनी थी उसने बताया कि लड़के पक्ष की तरफ से मेरे घर पर कई लोग आए और मेरे जीजाजी और मम्मी-पापा को भी मारने लगे। साथ ही मेरे साथ भी मारपीट करने लगे। मेरे परिवार वालों ने मुझे बचाया। अब मुझे उस परिवार में शादी नहीं करनी है। इस पूरे मामले में ग्वालियर रोड चौकी इंचार्ज सुशील द्विवेदी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि यह मामला संज्ञान में आया है। अभी तक किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं आई है। कोई शिकायत करता है, तो जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- आकाश राठौर)

यह भी पढ़ें- 

Lok Sabha Election 2024: 'अलीगढ़ वालों ने ऐसा ताला लगाया कि शहजादों को चाबी नहीं मिल रही', जानें और क्या बोले PM मोदी

Lok Sabha Election 2024: पीएम मोदी के बयान पर मचा घमासान, कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत; जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।