लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग में नवनियुक्त 3,446 टेक्निकल असिस्टेंट और 126 मार्केट सेक्रेटरी को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान सीएम योगी ने अपराधियों को चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले आज जैसी स्थिति नहीं थी। आज यूपी के अन्नदाता किसान के खेत से कोई मोटर चोरी करके नहीं ले जाता है। उसको मालूम है कोई चोरी करेगा तो अगले दिन लंगड़ा जरूर हो जाएगा। सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 के पहले सरकार ही मोटर चोरी करवाती थी। हां, वही लोग चोरी करवाते थे। चोर कोई दूसरा थोड़ी था। वही चोरी करवाते थे।
हमने माफिया की कमर तोड़ीः योगी
सीएम योगी ने कहा कि हमने पहले दिन कहा था कि सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। हम नकल माफिया और विभिन्न संस्थानों में बैठे हुए माफिया की कमर को भी तोड़ेंगे और उसके आकाओं को भी हम जमीन आसमान दिखाने का काम करेंगे। आपने देखा होगा इस दौरान हम लोगों ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। माफिया की संपत्ति को जब्त करवाया। उससे वसूली करवाया।
कृषि विकास दर 18 प्रतिशत बढ़ाया
सीएम योगी ने कहा कि अलग-अलग चीनी मिलों पर गन्ना किसान को 2009 से ही गन्ना मूल्य बकाया था। 2007 से 2017 के बीच में तत्कालीन समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने 29 चीनी मिलों को बंद किया था। 21 चीनी मिलों को ओने-पोने दाम में बेच दिया था। हमारे गोरखपुर मंडल की एक चीनी मिल जिस चीनी मिल की केवल स्क्रैप ही स्क्रैप उस समय मात्र 3 करोड़ रुपये में बेची गई थी। जबकि उस समय उसके दाम 10 करोड़ थे। तत्कालीन सरकारें चीनी मिलों को बंद करती थी। आज 122 चीनी मिलें हम चला रहे हैं। 3 लाख 25 हजार करोड़ रुपये अब तक हम गन्ना किसानों के खाते में सीधे डीबीटी के माध्यम से पैसा भेज चुके हैं। यूपी ने अपने कृषि विकास की दर को 8% से बढ़ा करके 18% तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है। ये कभी नहीं हुआ।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 14 दिन में संपन्न
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुझे प्रसन्नता है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 14 दिनों में संपन्न हो रही हैं और अगले 14 दिनों में परीक्षा परिणाम भी घोषित किए जा रहे हैं। यानी एक महीने से भी कम समय में प्रदेश का युवा अपना परिणाम प्राप्त कर देश के किसी भी प्रतिष्ठित संस्थान में एडमिशन ले सकता है।
ये भी पढ़ेंः यूपी में 3 दिन तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगी महिलाएं, रक्षाबंधन पर सीएम योगी का तोहफा
कानपुर की सड़कों पर चली नाव, जलभराव के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने किया अनोखा प्रदर्शन