उत्तर प्रदेश के बागपत में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की निर्माण गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। बागपत के गांगनौली गांव के पास हाल ही में हुई बारिश के बाद एक्सप्रेस-वे के किनारे बनाए गए मिट्टी के पुस्तों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई जगह मिट्टी का कटाव होने से सुरक्षा रेलिंग भी धंस गई है, जिससे भविष्य में हादसे की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो सामने आने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने जो वीडियो बनाया है, उसमें देखा जा सकता है कि कई जगहों पर सड़क के नीचे की भी मिट्टी बह गई है। यहां से भारी वाहन निकलने पर सड़क धंस सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है। हाईवे में कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। इन गड्ढों के कारण हाईवे की रेलिंग भी बेहद कमजोर हो गई है।
पहले भी सवालों में रही हाईवे की गुणवत्ता
यह पहली बार नहीं है जब इस एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। इससे पहले शामली जनपद की सीमा में भी एक्सप्रेस-वे पर बड़े गड्ढे मिलने का मामला सामने आया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जांच कराई थी और निर्माण एजेंसी के साथ-साथ जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी किए गए थे और लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय कार्रवाई भी की गई थी।
14 अप्रैल को हुआ था उद्घाटन
लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे, छह लेन, एक्सेस कंट्रोल्ड दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन 14 अप्रैल को हुया था। इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय करीब छह घंटे से घटकर लगभग तीन घंटे रह गया है।
जल्द होगी मिट्टी की भराई
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक्सईएन अंकित कुमार का कहना है कि जहां मिट्टी का कटाव हुआ है, वहां स्लोप प्रोटेक्शन का कार्य पूरा नहीं हुआ था। बारिश के कारण मिट्टी बह गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मिट्टी भराई, स्लोप प्रोटेक्शन और कंक्रीट का काम पूरा कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
(बागपत से पारस जैन की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 'मौत का स्टंट', पैर ऊपर कर बाइक चलाता दिखा युवक, देखें खौफनाक वीडियो
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ठीक किए गए गड्ढे, फिर से शुरू हुआ यातायात; अधिकारियों के खिलाफ एक्शन