1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. देवरिया: ग्राम प्रधान की दबंगई का Video, पैसे के विवाद में युवक को लोहे की रॉड से पीटा, पैर छूकर माफी मांगने पर मजबूर किया

देवरिया: ग्राम प्रधान की दबंगई का Video, पैसे के विवाद में युवक को लोहे की रॉड से पीटा, पैर छूकर माफी मांगने पर मजबूर किया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 31, 2025 04:58 pm IST,  Updated : May 31, 2025 05:11 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी लोहे की रॉट से मारकर पीड़ित को बाहर बुलाता है। इसके बाद पीड़ित पर थप्पड़ की बरसात कर देता है और उसे पैर छूकर माफी मांगने के लिए मजबूर करता है। घटना के बाद से पीड़ित लापता है।

Sarpanch maarpeet- India TV Hindi
युवक से मारपीट करता सरपंच Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के देवरिया से ग्राम प्रधान की दबंगई का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि राज्य में माफियाराज भले ही खत्म हो रहा हो, लेकिन गांवों में दबंगई कायम है। वीडियो में एक दिव्यांग व्यक्ति लोहे की रॉट और थप्पड़ से दूसरे व्यक्ति को पीटता दिख रहा है। दूसरा व्यक्ति चुपचाप मार खा रहा है और माफी मांग रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी मारपीट रोकने की कोशिश नहीं की।

वायरल वीडियो देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के कटाई गांव का है। वीडियो में मारपीट करता दिखाई दे रहा दबंग व्यक्ति गांव का प्रधान है। बताया जा रहा है कि पैसे के लेनदेन को लेकर ग्राम प्रधान और पीड़ित विदेशी प्रसाद के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद ग्राम प्रधान ने पीड़ित के साथ जमकर मारपीट की। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित व्यक्ति की पत्नी ने बताया कि उसके पति विदेश में काम करते थे। वहां से पैसे भेजते थे, जो ग्राम प्रधान के पास पहुंच जाते थे। वापस लौटने के बाद जब पीड़ित ने ग्राम प्रधान के पास जाकर इसका विरोध किया तो दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद ग्राम प्रधान ने युवक को जमकर पीटा। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब घटना का वीडियो भी सामने आया है।

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। घटना का वीडियो पुलिस के पास है। पुलिस ने आरोपी सरपंच को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। बजाया जा रहा है कि विदेशी प्रसाद अपने भाई को पैसा भेजता था जबकि उसका भाई उसके भेजे हुए पैसे घर के लिये इस्तेमाल न कर प्रधान को दे देता था। जब विदेशी गौतम विदेश से आया तो अपने भाई से पैसा मांगा। इसी दौरान भाई से कहा-सुनी हो गई और विदेशी प्रसाद ने अपने भाई के साथ मारपीट की। विदेशी प्रसाद के भाई ने इसकी शिकायत प्रधान से कर दी। इसके बाद प्रधान ने विदेशी प्रसाद के साथ मारपीट की।

घटना के बाद से पीड़ित गायब

पीड़ित की पत्नी ने बताया कि घटना के बाद से उसके पति गायब हैं। घटना के समय वह मायके गई हुई थी। जैसे ही उसे मामले की जानकारी मिली, वह घर पहुंची, लेकिन पति से मुलाकात नहीं हुई। ऐसे में उसने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित की पत्नी का कहना है कि उसके चार बच्चे हैं। अब उसके पति भी गायब हो गए हैं। ऐसे में वह कैसे अपना गुजर बसर करेगी। 

(देवरिया से विनोद कुमार द्विवेदी कि रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।