यूपी के गोरखपुर जिले के बेतियाहाता इलाके में पानी की टंकी के परिसर में खड़े नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहन के अंदर उसके चालक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ के निवासी 21 वर्षीय मुकेश पासवान के तौर पर हुई है। मुकेश गोरखपुर नगर निगम के 'आउटसोर्सिंग सिस्टम' के तहत कचरा उठाने वाले वाहन का चालक था।
कूड़ा गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर मिला शव
बुधवार को उसकी ड्यूटी वाली कूड़ा उठाने वाली गाड़ी बेतियाहाता इलाके में स्थित पानी की टंकी परिसर में खड़ी मिली। गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर मुकेश का शव पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। स्थानीय लोगों ने देखा तो तुरंत इसकी सूचना डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लव मैरिज के बाद गांव छोड़कर शहर आ गया था कपल
मुकेश ने करीब 2 महीने पहले दूसरे समुदाय की एक युवती से लव मैरिज की थी जिसका दोनों पक्षों के परिवारों ने विरोध किया था। इस शादी से दोनों परिवार नाराज थे। इसके बाद कपल गांव छोड़कर शहर में किराये के मकान में रह रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पत्नी पति का शव देखकर बेसुध हो गई। पुलिस मुकेश की पत्नी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शादी के बाद दोनों को कोई धमकी मिली थी या यह घटना किसी विवाद के बाद हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पिता का दावा- कहीं और की गई हत्या, फिर शव कूड़ा गाड़ी में रखा
मुकेश के पिता मनोज पासवान ने दावा किया कि मुकेश की हत्या कहीं और की गई थी और बाद में उसका शव कूड़ा वाहन की सीट पर रख दिया गया। परिजनों ने गर्दन के आसपास के निशानों की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश करने से पहले शायद उसका गला घोंटा गया था। कैंट के थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट तथा जांच के नतीजों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, आपको बता दें कि आज कानपुर के बसंत विहार में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आलोक सिंह का शव उनके कमरे में खून से लथपथ मिला। उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
(रिपोर्ट- PTI)
यह भी पढ़ें-
प्यार में पड़ा 17 साल का लड़का 10वीं मंजिल से गिरा, गर्लफ्रेंड की मां से बचने के लिए पाइप पर लटका था