1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा तो स्टेनो ने पकड़ लिया अपना माथा, फूट-फूटकर रोया; देखें VIDEO

5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा तो स्टेनो ने पकड़ लिया अपना माथा, फूट-फूटकर रोया; देखें VIDEO

 Published : Jul 25, 2025 07:27 pm IST,  Updated : Jul 25, 2025 07:27 pm IST

सहारनपुर में शिक्षा विभाग में कार्यरत स्टेनो अजय कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद अजय कुमार खुद को संभाल नहीं पाया। उसने अपना माथा पकड़ लिया और थाने में फूट-फूटकर रोने लगा।

steno taking bribe arrested- India TV Hindi
पकड़े जाने पर फूट-फूटकर रोया स्टेनो अजय कुमार। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के सहारनपुर जिले से शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां तैनात आशु लिपिक (स्टेनो) अजय कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी फूट-फूटकर रोने लगा और अपना माथा पकड़कर बैठ गया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव तिरपड़ा निवासी स्कूल प्रबंधक ईश्वर चंद ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग का स्टेनो यू-डायस (U-DISE) पोर्टल पर छात्रों का डेटा अपडेट करने के नाम पर उनसे रिश्वत मांग रहा है। साथ ही छात्रों को जानबूझकर इधर-उधर ट्रांसफर कर पैसे वसूले जा रहे हैं।

पकड़ने के लिए ऐसे बिछाया जाल

शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने प्लान के तहत जाल बिछाया। शुक्रवार को पीड़ित को कैमिकल लगे नोट दिए गए और जैसे ही उसने स्टेनो अजय कुमार को पांच हजार रुपये दिए, टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के वक्त स्टेनो के हाथों पर कैमिकल का रंग चढ़ चुका था, जिससे यह साफ हो गया कि उसने रिश्वत ली है। इसके बाद टीम ने उसे सदर बाजार थाने के हवाले कर दिया।

देखें वीडियो-

पकड़े जाने पर रोने लगा अजय कुमार

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े जाने के बाद अजय कुमार खुद को संभाल नहीं पाया। उसने अपना माथा पकड़ लिया और थाने में फूट-फूटकर रोने लगा। 

(रिपोर्ट- खालिद हसन)

यह भी पढ़ें-

दरोगा ने रिश्वत लेकर नहीं किया काम तो ग्रामीण ने जब्त कर ली बाइक, कहा- 'रिश्वत के पैसे लौटाकर ले जाना'

एसीबी की टीम ने CMO को एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा, कुल 15 लाख मांगे थे, पहले ही ले चुका था 7 लाख

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।