समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान 23 महीने बाद सीतापुर जेल से मंगलवार दोपहर रिहा हो गए। आजम खान की बसपा ज्वाइन करने की भी चर्चाएं चल रही थीं। जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने बसपा ज्वाइन करने की चर्चाओं को सिरे से नकार दिया है। वहीं, आजम खान की रिहाई पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक भावुक पोस्ट लिखा है।
राहत और खुशी की बात
सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'माननीय आजम खान जी की रिहाई उनके और उनके परिवार और हम सब के साथ-साथ, उन सब लोगों के लिए राहत और खुशी की बात है जो ‘इंसाफ’ में ऐतबार करते हैं। न्याय में विश्वास को बनाए रखने के लिए अदालत का दिल से शुक्रिया।
फर्जी मुकदमे करने वालों को मिला सबक
आज फर्जी मुकदमे करने वालों को भी ये सबक मिल गया है कि हर ‘झूठ’ की एक मियाद होती है और हर ‘साजिश’ की भी। जो लोग सामाजिक सौहार्द के प्रतीक होते हैं, भाजपा को वो कभी अच्छे नहीं लगते हैं।'
जनता के दमन के खिलाफ उठाएंगे आवाज
अखिलेश ने लिखा, 'माननीय आजम खान जी एक बार फिर से हर उपेक्षित, पीड़ित, दुखी, अपमानित के साथ खड़े होकर, भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों के द्वारा किये जा रहे जनता के दमन के खिलाफ आवाज उठाएंगे और हमेशा की तरह देश-प्रदेश की भावनात्मक एकता के प्रतीक बनकर, समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों के साथ, सामाजिक न्याय के संघर्ष की राह पर आगे बढ़ते जाएंगे।' अंत में सपा अध्यक्ष ने लिखा, इंसाफ जिंदाबाद!
जेल से बाहर आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागात
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद आजम खान रामपुर के लिए रवाना हो गए। जेल के बाहर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी जमावड़ा था, जिन्होंने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया।
ये भी पढ़ें:
जेल से बाहर आने के बाद आजम खान का पहला रिएक्शन, BSP में जाने के सवाल का भी दिया जवाब
साइकिल को छोड़कर हाथी पर सवार होंगे आजम खान? पत्नी का बयान भी आया था सामने