गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के महाराजगंज इलाके से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। सरहरी चौकी क्षेत्र के महराजगंज चौराहे पर पुलिस की वर्दी पहन कर वसूली कर रही एक फर्जी महिला दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुलिरहा थाने पर महिला से पूछताछ की जा रही है। महिला की पहचान रेखा तिवारी के रूप में हुई है। रेखा बिहार के सिवान जिले की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से लोगों से वसूली करती थी। इसके लिए वह किराये पर कमरा लेकर रहती थी और शहर के आस-पास के कस्बों में घूम कर वसूली करती थी।
Related Stories
लोगों से करती थी अवैध वसूली
सिवान की रहने वाली रेखा तिवारी का मायका कुशीनगर जिले में है। महिला ने देखा कि पुलिसवालों को लोग आसानी से रुपये दे देते हैं। लिहाजा उसने भी फर्जी दरोगा बनकर वसूली का धंधा शुरू कर दिया। इसके लिए महिला ने पहले वर्दी खरीदी। महिला दरोगा होने के नाते उस पर कम लोग ही शक करते थे। वहीं वह ऐसे लोगों को निशाना बनाती जो असानी से उसे पैसा दे दें। वह शहर छोड़कर छोटे-छोटे चौराहे पर वसूली करती थी।
स्थानीय लोगों ने खोली महिला की पोल
बताया जा रहा है कि सरहरी चौकी क्षेत्र के महराजगंज चौराहे पर वसूली करने पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत चौकी के पुलिसवालों से कर दी। चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी जब पहुंचे तो कथित महिला दरोगा वहां से भागने की कोशिश करने लगी और जब पुलिसवालों ने आई कार्ड मांगा तो वह बहाने बनाने लगी। जब उससे पूछा गया वह कहां तैनात है तो टाल-मटोल करने लगी। इसके बाद इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी गई और उसे लेकर गुलरिहा थाने पहुंच गए।
जांच में जुटी पुलिस
पूछताछ में उसने बताया कि उसका नाम रेखा तिवारी है। चिलुआताल थाना क्षेत्र में किराये पर रहती है। इससे पहले मेडिकल कालेज के पीछे पिपराइच थाना क्षेत्र में किराये पर रहती थी। वहां लोगों को शक हुआ तब उसने किराये का मकान बदल दिया था। उसने वर्दी कहां से खरीद, इस धंधे में कितने दिन से है और कहां-कहां वसूली कर चुकी है इन सभी बातों की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव