1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मैं पुलिस अफसर बोल रहा हूं, आपकी बेटी मिली है...' फोन पर ये बोलकर मां से ऐसे की ठगी

'मैं पुलिस अफसर बोल रहा हूं, आपकी बेटी मिली है...' फोन पर ये बोलकर मां से ऐसे की ठगी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Nov 07, 2025 02:35 pm IST,  Updated : Nov 07, 2025 02:45 pm IST

भदोही में बेटी के अपहरण मामले और फिर उसी की मां के साथ हुई साइबर ठगी के केस ने चौंका दिया है। साइबर ठग ने किडनैप हुई बच्ची की मां को पुलिस अधिकारी बनकर फोन किया था। पढ़ें ये पूरा मामला क्या है।

bhadohi cyber crime case- India TV Hindi
साइबर फ्रॉड ने पुलिस अधिकारी बनकर ऐंठे पैसे। Image Source : PEXELS

भदोही: यूपी के भदोही से ठगी का अजीबोगरीब मामले सामने आया है। दरअसल भदोही जिले के ज्ञानपुर इलाके में नाबालिग लड़की का अपहरण हुआ था। लड़की की खोजबीन चल ही रही थी कि तभी लड़की की मां के पास फोन आता है। कॉल पर दूसरी तरफ मौजूद शख्स खुद को पुलिस अफसर बताता है और कहता है कि आपकी बेटी बरामद हो गई है। आप चिंता मत करिए। लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत इसका मेडिकल टेस्ट करवाना होगा। उसके लिए 12 हजार रुपये का खर्च आएगा। इसके बाद किडनैप हुई बच्ची की मां के साथ ठगी हो गई। इस खबर में पढ़िए भदोही में घटा ये पूरा मामला क्या है।

मां को भेजे किडनैप हुई बेटी के वीडियोज

भदोही के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने दर्ज हुई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि बीते 27 अक्टूबर को ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 17 साल की लड़की को कोचिंग जाते समय रास्ते में संजय यादव नामक व्यक्ति ने कथित रूप से किडनैप कर लिया था। इस सिलसिले में पिछले 1 नवंबर को मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही थी। हालांकि, परिजन ने बाद में आरोप लगाया कि बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज होने के दूसरे दिन उनकी बेटी को दबाव में लेकर कुछ वीडियो बनाए गए। ये वीडियो उसकी मां के मोबाइल फोन पर भेजे गए।

साइबर फ्रॉड ने ऐसे की ठगी

एसपी मांगलिक ने आगे बताया कि छात्रा की मां के मुताबिक, इसी बीच एक शख्स ने परिजन को फोन करके खुद को पुलिस की क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा कि बेटी मिल गई है. उसकी मेडिकल जांच कराने के लिए 12 हजार रुपये लगेंगे। यह कहकर उसके पति से 12 हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए गए। मगर अब तक उसकी बेटी नहीं मिली।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा की मां ने बृहस्पतिवार को उनसे मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी. बेटी को बरामद करने और 12 हजार रुपये की ठगी करके ली गई धनराशि वापस दिलाने के संबंध में एक तहरीर दी गई है। जांच की जा रही है।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- तीन बच्चों की मां का पड़ोसी पर आया दिल, साजिश रच पति की कराई हत्या; पुलिस ने किया खुलासा

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान की करतूत देख लीजिए, पहले की 'नापाक' हरकत अब दे रहा है सफाई; जानें पूरा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।