1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बचपन की सहेली ने ही 3 लाख में बेच दिया, खाटू श्याम ले जाकर जबरन करा दी शादी

बचपन की सहेली ने ही 3 लाख में बेच दिया, खाटू श्याम ले जाकर जबरन करा दी शादी

 Published : May 04, 2026 07:32 pm IST,  Updated : May 04, 2026 07:33 pm IST

कानपुर की युवती 21 अप्रैल को अपनी बचपन की सहेली और उसके पति के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन करने गई थी। जब वह कई दिनों तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां ने चिंतित होकर सहेली से संपर्क किया। इस दौरान सहेली ने जो कहा उसे सुनकर पीड़िता की मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PEXELS

कानपुर के बर्रा विश्व बैंक कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मानव तस्करी का मामला सामने आया है। अपनी ही बचपन की सहेली ने 21 वर्षीय एक युवती को मात्र 3 लाख रुपये में बेच दिया। युवती को राजस्थान के सीकर जिले से पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि युवती को बेचने वाली सहेली और उसके पति की तलाश पुलिस तेजी से कर रही है।

सहेली के साथ खाटू श्याम दर्शन करने गई थी युवती

बर्रा पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय युवती स्थानीय फैक्ट्री में काम करती थी। 21 अप्रैल को वह अपनी बचपन की सहेली रिया पांडेय (सागरपुरी, सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र) और रिया के पति सुमित पांडेय के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन करने गई थी। जब युवती कई दिनों तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां ने चिंतित होकर सहेली रिया और सुमित से संपर्क साधा।

पीड़िता की मां को सहेली ने दी धमकी

शुरू में दोनों ने लौट आने की बात कहकर टालमटोल किया। बाद में रिया ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि युवती को तीन लाख रुपये में बेच दिया गया है। अगर वापस चाहिए तो पैसे देने होंगे। इसके तुरंत बाद दोनों के फोन स्विच ऑफ हो गए। परिवार ने तुरंत बर्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो रिया दंपति की अंतिम लोकेशन राजस्थान में मिली। रविवार रात बर्रा पुलिस की टीम युवती के परिजनों के साथ राजस्थान रवाना हुई। वहां सीकर जिले के फतेहपुर सदर क्षेत्र में तलाशी ली गई।

नाम बदलकर 30 अप्रैल को जबरन कराई शादी

पुलिस ने युवती को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। साथ ही स्थानीय मजदूर प्रदीप विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके साथ युवती की जबरन शादी कराई गई थी। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि रिया और सुमित ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर बेचा था। आरोपियों ने युवती का नाम बदलकर ‘काजल’ रखा और 30 अप्रैल को प्रदीप विश्वकर्मा से उसकी जबरन शादी करा दी। कागजात भी नए नाम से तैयार किए गए थे। युवती को अब उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

युवती की मां ने क्या कहा?

युवती की मां ने बताया कि उनकी बेटी परिवार की आर्थिक मदद के लिए फैक्ट्री में काम करती थी। खाटू श्याम यात्रा का प्लान सहेली रिया ने ही बनाया था। परिवार को कभी अंदेशा नहीं हुआ कि सहेली ही ऐसी बड़ी साजिश रच सकती है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अब रिया पांडेय और सुमित पांडेय को पकड़ने के लिए छापेमारी और तकनीकी निगरानी तेज कर दी है। दोनों पर मानव तस्करी, अपहरण, जबरन शादी और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रदीप विश्वकर्मा से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि यह अकेला मामला नहीं हो सकता, पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। युवती फिलहाल सुरक्षित है, लेकिन घटना के सदमे से उबरने के लिए उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

यूपी में दर्दनाक हादसा, घायलों की मदद करने गए लोगों को कार ने रौंदा, 8 की मौत

टारगेट के तनाव में बॉस की हत्या, सेल्समैन ने शराब पार्टी के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।