1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. टारगेट के तनाव में बॉस की हत्या, सेल्समैन ने शराब पार्टी के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट

टारगेट के तनाव में बॉस की हत्या, सेल्समैन ने शराब पार्टी के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 03, 2026 12:40 pm IST,  Updated : May 03, 2026 12:40 pm IST

कानपुर में सेल्समैन ने काम का दबाव अधिक होने की वजह से अपने बॉस की हत्या कर दी। शराब पार्टी के बहाने बुलाकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर बॉस की हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

काम के दबाव की वजह से की हत्या।- India TV Hindi
काम के दबाव की वजह से की हत्या। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: काम के दबाव, लगातार टारगेट और बॉस की कथित प्रताड़ना ने एक बार फिर एक जघन्य अपराध को जन्म दे दिया। कानपुर में सेल्स मैनेजर मोनू जायसवाल (30) की हत्या उसके ही अधीनस्थ दो कर्मचारियों ने मिलकर की। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मोनू जायसवाल 26 अप्रैल की शाम घर से निकले थे और उसके बाद से लापता हो गए। 27 अप्रैल को उनका शव उन्नाव के गंगाघाट थाना क्षेत्र के मरहाला चौकी के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। 

पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी

डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान मोनू को आखिरी बार उनके कर्मचारी बापन पाल के साथ देखा गया था। पुलिस ने बापन को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज  सामने आने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में बापन ने अपने साथी अतीत वर्मा का भी नाम लिया। 

गाली-गलौच और बेज्जती करता था बॉस

दोनों आरोपियों ने बताया कि मोनू जायसवाल उनसे जबरन सेल्स टारगेट पूरा करवाते थे। खुद ज्यादा इंसेंटिव ले लेते थे और ना पूरा होने पर गाली-गलौज व बेइज्जती करते थे। इस लगातार उत्पीड़न से तंग आकर दोनों ने एक महीने पहले ही हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। उन्होंने एक सुनसान जगह पहले से ही फाइनल कर ली थी।

शराब पार्टी के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया

घटना की रात दोनों ने मोनू को शराब पार्टी का लालच देकर सुनसान इलाके में बुलाया। वहां पहुंचते ही उन्होंने पहले मोनू की आंखों में स्प्रे किया, जिससे वह पूरी तरह असहाय हो गया। इसके बाद लोहे के डंडों और अन्य हथियारों से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद बापन ने चालाकी से खुद को शक के दायरे से बाहर रखने की कोशिश की। वह मृतक के परिवार से लगातार संपर्क में रहा, गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया, ताकि कोई उस पर उंगली न उठा सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच और परिजनों के संदेह ने अंततः दोनों को जाल में फंसा दिया। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में इस पूरे मामले में और किसी की संलिप्तता की भी तह तक जाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

यूपी: पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों को सेना के हेलीकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू, सीढ़ी टूटने से गिरकर एक की मौत; 2 अन्य घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।