1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 09, 2025 11:41 am IST,  Updated : Sep 09, 2025 12:53 pm IST

मुजफ्फरनगर पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक हेड कांस्टेबल के नाबालिग बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 10 पिस्टल और 19 कारतूस बरामद हुए हैं। नाबालिग पर 10 हजार रुपये का इनाम था घोषित।

Gang supplying illegal weapons busted three accused arrested in muzaffarnagar- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर इलाके में पुलिस ने अवैध हथियार की आपूर्ति करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक हेड कांस्टेबल के नाबालिग बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि शाहपुर इलाके में सोमवार को पुलिस से मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपियों प्रणव, अनस और एक नाबालिग लड़के से 10 पिस्टल, 19 कारतूस और एक फोन जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए नाबालिग आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह हरिद्वार, सहारनपुर, रुड़की और अन्य जगहों पर नौ आपराधिक मामलों में वांछित है। वह हरिद्वार में तैनात एक हेड कांस्टेबल का बेटा है। 

अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी जेल में बंद अपराधी फिरोज अंसारी से अवैध रूप से बनाये गये हथियार खरीदकर उन्हें आसपास के इलाके में बेचते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि इससे पहले बीते दिनों दिल्ली पुलिस के थाना सराय रोहिल्ला की टीम ने हथियारों की बड़ी खेप और कच्चे माल के साथ एक अवैध हथियार की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस छापेमारी में पुलिस ने 12 देसी पिस्तौल, बिना स्क्रू और कच्चे माल के 250 से ज्यादा पिस्तौलें बनाने का कच्चा माल बरामद किया था।

दिल्ली पुलिस ने भी हथियार फैक्ट्री का किया था भंडाफोड़

बता दें कि पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया था। टेक्निकल और स्थानीय क्षेत्र से एकत्रित जानकारी के अनुसार 1 सितंबर 2025 को पुलिस टीम अलीगढ़ के जट्टारी पिशावा रोड स्थित एक खेत में पहुंची, जहां 2 कमरे बने हुए थे और बाहर ताला लगा हुआ था। पुलिस ने ताला तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो पाया कि हनवीर नामक व्यक्ति द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने देसी पिस्तौल समेत कच्चे माल को जब्त कर लिया और इससे संबंधित आरोपियों में से कुछ की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे की जांच की जा रही है।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।