1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: ACP अंकुर विहार के ऑफिस की छत गिरने से पुलिस अधिकारी की मौत, तेज बारिश की वजह से हादसा

गाजियाबाद: ACP अंकुर विहार के ऑफिस की छत गिरने से पुलिस अधिकारी की मौत, तेज बारिश की वजह से हादसा

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : May 25, 2025 02:05 pm IST,  Updated : May 25, 2025 02:05 pm IST

यूपी के गाजियाबाद में ACP अंकुर विहार के ऑफिस की छत गिरने से एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई है। घटना तेज बारिश की वजह से हुई है।

Ghaziabad- India TV Hindi
गाजियाबाद में पुलिस अधिकारी की मौत Image Source : INDIA TV

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां देर रात हुई बारिश में बड़ा हादसा हो गया है। यहां एसीपी अंकुर विहार के दफ्तर की छत गिर जाने से एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई है। सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र मिश्रा की उम्र 58 साल थी और वह एसीपी अंकुर विहार के पेशकार थे। वह रात में दफ्तर में सो रहे थे। उसी दौरान तेज बारिश की वजह से दफ्तर की छत गिर गई।

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार का सामने आया बयान 

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अजय कुमार सिंह ने कहा, 'एसीपी अंकुर विहार की पेशी कार्यालय में नियुक्त उपनिरीक्षक वीरेंद्र मिश्रा रात में इसी कार्यालय में रुके हुए थे। रात में चली तेज आंधी और तेज बारिश के कारण पेशी कार्यालय की छत गिर गई, जिससे दबकर उनकी दुखद मृत्यु हो गई। उनको चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वीरेंद्र कुमार मिश्रा जनपद इटावा के मूल निवासी थे और इनका परिवार दिल्ली में रहता है। परिजन को सूचना दी गई, परिजन आ गए हैं। इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।'

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में बीती रात झमाझम बारिश हुई है। इस दौरान आंधी और तेज हवाएं भी चली हैं। भारी बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव हो गया है, जिसकी वजह से सड़कें तालाब बनी दिख रही हैं और उन पर वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो रही है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश हुई है, जिसकी वजह से सड़कों पर पानी भर गया है। रविवार सुबह भी ठंडा मौसम रहा और ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदा-बांदी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज़ आंधी और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। हरियाणा के झज्जर के कई इलाकों में भी आंधी के साथ भारी बारिश हुई है। (इनपुट: जुबैर अख्तर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।