1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में भीषण हादसा, नाले में गिरा ट्रक, शरीर में सरिया घुसने से चालक की दर्दनाक मौत

ग्रेटर नोएडा में भीषण हादसा, नाले में गिरा ट्रक, शरीर में सरिया घुसने से चालक की दर्दनाक मौत

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 21, 2026 12:38 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 12:53 pm IST

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में 21 जुलाई सुबह छह बजे भीषण हादसा हुआ। गाजियाबाद से दादरी जा रहा सरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Greater Noida- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा Image Source : X@PTI

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में 21 जुलाई को सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। छपरौला के पास जीटी रोड पर सरिया से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। यह दुर्घटना सुबह करीब छह बजे उस समय हुई जब ट्रक गाजियाबाद से दादरी की तरफ जा रहा था। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल मच गया है।

क्या है पूरा मामला?

थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता के अनुसार, सड़क पर चलते समय ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रक सबसे पहले सड़क किनारे लगे एक बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराया और फिर सीधे गहरे नाले में जा गिरा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में पीछे लदा भारी सरिया केबिन को चीरता हुआ आगे निकल आया। जैसे ही ट्रक नाले में गिरा, केबिन के अंदर से सरिया चालक के शरीर के आर-पार हो गया। गंभीर चोटें लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सुबह के वक्त चालक को अचानक झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वह गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और यह भयानक हादसा हो गया।

दो घंटे के मशक्कत के बाद निकाला गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही बादलपुर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। नाले में गिरे ट्रक और फंसे हुए शव को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। मृतक चालक की पहचान बुलंदशहर के रहने वाले 28 वर्षीय आमिर के रूप में हुई है।

हादसे की वजह से लगा लंबा ट्रैफिक जैम

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच की जा रही है। इस हादसे की वजह से जीटी रोड पर कुछ समय के लिए गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक जैम लग गया। हालांकि, पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क और नाले से हटाकर रास्ते को पूरी तरह साफ कराया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य हो सकी।

INPUT: PTI

यह भी पढ़ें

सीतामढ़ी में बागमती नदी में पलटी 40 यात्रियों से भरी नाव, मची चीख-पुकार, हादसे का VIDEO आया सामने

बैरसिया में दर्दनाक हादसा, स्कार्पियो ने 3 साल की मासूम को रौंदा, CCTV में कैद हुई घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।