लखनऊः उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले 48 घंटे से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। विभाग ने ललितपुर जिले और उसके आस-पास के इलाकों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
लखनऊ स्थित मौसम कार्यालय के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी यूपी समेत प्रदेश के कई जिलों के लोगों को अभी बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कन्नौज, कानपुर देहात, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस पास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा और उसके आस-पास के इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में आ सकती है बाढ़
भारी बारिश की वजह से यूपी की नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है। 3 सितंबर शाम 4 बजे तक गंगा का जलस्तर 70.64 मीटर दर्ज किया। वाराणसी में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर चुका है। काशी में गंगा के खतरे का निशान 71.26 मीटर है। मौसम विभाग ने चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, वाराणसी, हमीरपुर, ललितपुर, महोबा और झांसी में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार और रविवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और संभल जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

बारिश से जुड़ी घटनाओं में 5 लोगों की मौत
बता दें कि यूपी में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, अमेठी और बाराबंकी जिलों में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। चित्रकूट के बाराची गांव में भारी बारिश के दौरान मिट्टी का एक घर ढह गया, जिससे 32 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों (उम्र पांच और एक साल) की मौत हो गई। उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गईं।
अमेठी के नया पुरवा गांव में बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान मिट्टी की दीवार गिरने से 66 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाराबंकी के धनौली गांव में बुधवार देर रात मिट्टी की दीवार गिरने से 62 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका दामाद घायल हो गया। बाराबंकी राज्य के उन 23 जिलों में शामिल है जो बाढ़ से प्रभावित हैं।
(पीटीआई इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ेंः बिजनौर में एसपी का चार्ज लेते ही एक्शन में आए केके बिश्नोई, कई धार्मिक स्थलों से उतरवाया लाउडस्पीकर