1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'किसी के जाने पर लाइफ खत्म कर रहा हूं', स्टेटस लगाकर युवक ने की आत्महत्या, गर्लफ्रेंड को भेजा फंदे का वीडियो

'किसी के जाने पर लाइफ खत्म कर रहा हूं', स्टेटस लगाकर युवक ने की आत्महत्या, गर्लफ्रेंड को भेजा फंदे का वीडियो

 Published : Mar 24, 2026 04:15 pm IST,  Updated : Mar 24, 2026 04:33 pm IST

युवक ने आत्महत्या करने से पहले फांसी के फंदे का वीडियो गर्लफ्रेंड को भेज दिया। युवक ने आत्महत्या करने से पहले वॉट्सएप पर स्टेटस भी लगाया। गर्लफ्रेंड की दूसरी जगह शादी तय हो गई थी। इसके कारण वह परेशान चल रहा था।

युवक ने लगाई फांसी- India TV Hindi
युवक ने लगाई फांसी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक युवक ने वॉट्सएप पर स्टेटस लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने स्टेटस पर लिखा, 'मैं अपनी लाइफ बिना किसी दबाव या किसी के कहने पर, किसी के जाने पर खत्म कर रहा हूं… प्लीज किसी पर कोई रिएक्शन नही किया जाए… क्योंकि सबने मेरा साथ दिया, हमने अच्छा बिहेवियर किया… मैं तंग आ गया हूं अपनी लाइफ से, इसलिए अपने आप को खत्म कर रहा हूं। वॉट्सएप पर कुछ इस तरह से अपना दर्द चंद लाइनों में स्टेट्स लगाकर बयां करते हुए मेस के केयर टेकर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय युवक लकी सिंह ने प्रेमिका की शादी तय होने के बाद मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। युवक ने सुसाइड से पहले अपनी प्रेमिका को पंखे से लटकता हुआ फंदे का वीडियो बनाकर भेजा और फिर खुद फंदा लगाकर जान दे दी। 

भोजनालय में केयर टेकर के रूप में करता था काम

मूल रूप से बलिया जिले के चंदवार गांव के निवासी लकी सिंह पिछले कई सालों से कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में रह रहा था। इस दौरान साल 2014 में माता-पिता की असामयिक मृत्यु के बाद वे अपने मौसा बृजेश के परिवार के साथ रावतपुर के छपेड़ा पुलिया स्थित बाबा आनंदेश्वर भोजनालय में केयर टेकर के रूप में काम कर करता था। बृजेश के परिवार ने लकी को अपना बेटा मानकर पाला-पोसा और उसकी बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किया। उन्होंने लकी को अर्थ मूवर्स का कोर्स भी कराया था, जिसके बाद उसकी विदेश में अच्छी नौकरी लगने वाली थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जनवरी महीने से लकी के जीवन में एक नया मोड़ आया।

युवती की तय हो गई थी शादी

लकी का बर्रा थानाक्षेत्र की रहने वाली एक युवती से अफेयर चल रहा था। दोनों के बीच गहरे रिश्ते थे, लेकिन जब युवती की शादी तय हो गई, तो लकी मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया। वह डिप्रेशन में चला गया और लगातार तनाव महसूस करने लगा। परिवार के सदस्यों के अनुसार, लकी इस बात से बहुत परेशान था कि उसकी प्रेमिका अब किसी और से शादी करने जा रही है। इस तनाव ने उसे इतना प्रभावित किया कि वह अपनी जिंदगी से तंग आ चुका था।

सोमवार की शाम को लकी के मौसा-मौसी लखनऊ के बक्शी का तालाब स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे, जबकि उनका बेटा आर्यन घर पर ही था। आर्यन ने बताया कि रात करीब 10 बजे वह रोटी लेने भोजनालय गया, जहां लकी रोटी बना रहा था। उस समय लकी बिल्कुल सामान्य लग रहा था। आर्यन ने उसका वीडियो भी बनाया, जिसमें लकी रोटी बनाते हुए दिख रहा था। कोई तनाव या उदासी उसके चेहरे पर नजर नहीं आ रही थी। आर्यन रोटी लेकर घर चला गया।

भोजनालय पर लगे पंखे पर लगाया फंदा

लेकिन रात करीब 11 बजे के आसपास लकी ने भोजनालय में लगे पंखे पर फंदा लगा लिया। उसने फंदे पर लटकने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपनी प्रेमिका को वॉट्सएप पर भेज दिया। इसके तुरंत बाद लकी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर कुछ महत्वपूर्ण लाइनें लिखीं। स्टेटस में उसने लिखा था- 'मैं अपनी लाइफ बिना किसी दबाव या किसी के कहने पर, किसी के जाने पर खत्म कर रहा हूं… प्लीज किसी पर कोई रिएक्शन नही किया जाए… क्योंकि सबने मेरा साथ दिया, हमने अच्छा बिहेवियर किया… मैं तंग आ गया हूं अपनी लाइफ से, इसलिए अपने आप को खत्म कर रहा हूं…'

पूरा परिवार सदमे में

यह स्टेटस देखते ही लकी के दोस्त मोहित ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। परिवार के सदस्य जैसे ही मौके पर पहुंचे, तब तक लकी की मौत हो चुकी थी। फंदे पर लटका शव देखकर पूरा परिवार सदमे में आ गया। पुलिस को सूचना दी गई और रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सुसाइड नोट व स्टेटस को महत्वपूर्ण सबूत मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

विदेश जाने की तैयारी में था

परिवार के सदस्यों ने बताया कि लकी बहुत ही शांत और समझदार युवक था। वह परिवार के साथ अच्छा बर्ताव रखता था और कभी किसी से शिकायत नहीं की। लेकिन प्रेमिका की शादी की खबर ने उसे अंदर से तोड़ दिया। बृजेश ने कहा कि वे लकी को विदेश भेजने की तैयारी कर रहे थे, ताकि उसका भविष्य संवर सके, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। इस घटना से पूरा परिवार बिखर गया है और वे अभी भी सदमे से बाहर नहीं निकल पाए हैं। फ़िलहाल कानपुर पुलिस ने इस मामले में कोई आपराधिक पहलू न होने पर भी पूरे मामले की जांच कर रही है। पड़ोसियों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि लकी पिछले दिनों में कितना परेशान था। 

रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।