1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 3 बच्चों की मां ने किया गैंगस्टर पति का मर्डर, पहचान छिपाने के लिए आरती ने रास्ते में कपड़े बदले; आशीष शर्मा की हत्या का ऐसे खुला राज

3 बच्चों की मां ने किया गैंगस्टर पति का मर्डर, पहचान छिपाने के लिए आरती ने रास्ते में कपड़े बदले; आशीष शर्मा की हत्या का ऐसे खुला राज

 Published : Apr 09, 2026 06:49 am IST,  Updated : Apr 09, 2026 06:49 am IST

आरोपी पत्नी ने गैंगस्टर आशीष शर्मा को शराब पिलाकर नशे में धुत किया और फिर बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसकी बेहद ही क्रूर तरीके से हत्या कर दी। इस क्रूर प्रक्रिया में करीब 40 मिनट का समय लगा। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

gangster ashish sharma murder- India TV Hindi
आरोपी महिला गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। 52 वर्षीय कुख्यात गैंगस्टर आशीष कुमार शर्मा की गला घोंटकर की गई हत्या की मुख्य आरोपी और कोई नहीं बल्कि सात जन्मों का साथ निभाने की कसम खाने वाली उसकी पत्नी आरती शर्मा ही थी, जिसने अपने प्रेमी सबलू खान (उर्फ शफात) की मदद से इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी ने पति को शराब पिलाकर नशे में धुत किया और फिर दोनों ने मिलकर उसकी बेहद ही क्रूर तरीके से हत्या कर दी।

प्रेमी ने सीने पर बैठकर हाथ-पैर पकड़े, पत्नी ने गला दबाया

घटना की जानकारी के अनुसार, यह वारदात 1 अप्रैल की रात को चकेरी के पीएसी मोड़ मंदिर के निकट स्थित किराए के मकान में हुई। आरती शर्मा अपने प्रेमी सबलू खान के साथ वहां पहुंची। पहले आशीष कुमार शर्मा को शराब पिलाकर बेहोश किया गया। जब वे पूरी तरह नशे में चूर हो गए, तब आरती ने उनके गले को दबाया, जबकि सबलू खान ने छटपटाते हुए शिकार के सीने पर बैठकर हाथ-पैर पकड़ रखे। इस क्रूर प्रक्रिया में करीब 40 मिनट का समय लगा। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पहचान छिपाने के लिए सीट की जगह पहनी साड़ी

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरती ने रणनीति अपनाई। नौबस्ता हाईवे के पास झाड़ियों में छिपकर उसने सूट की जगह साड़ी पहनी और हमीरपुर की ओर रवाना हो गई। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के बाद किया। चकेरी से हमीरपुर तक की विभिन्न जगहों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग ने आरती की गतिविधियों को स्पष्ट रूप से उजागर कर दिया। अंततः पुलिस ने उसे नौबस्ता चौराहे के पास रामादेवी रोड से गिरफ्तार कर लिया। प्रेमी सबलू खान अभी फरार है और उसकी तलाश में छापेमारी जारी है।

पत्नी ने क्या बताया?

आरती शर्मा ने पुलिस पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि आशीष शर्मा उसके साथ नियमित रूप से मारपीट करता था। शराब पीकर घर लौटने पर वह उसे बुरी तरह पीटता था, जिससे वह काफी परेशान थी। आरती मूल रूप से हमीरपुर के कालपी चौराहा क्षेत्र की निवासी है। दंपति के तीन बच्चे हैं, दो बेटे लवकुश, छोटू और एक बेटी बेटू। परिवार गांव में रहता था, जबकि आशीष पिछले एक साल से चकेरी में राजमिस्त्री का काम करते हुए किराए के मकान में अकेला रह रहा था।

15 दिन पहले रची थी हत्या की साजिश

घटना के बाद आरती ने कबूल किया कि हत्या की साजिश 15 दिन पहले सबलू खान के साथ रची गई थी। सबलू हमीरपुर के गांधी नगर नई बस्ती का रहने वाला है। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अवैध संबंध चल रहे थे। 1 अप्रैल को फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। 2 अप्रैल को जब आशीष का फोन बंद मिला तो परिवार को शक हुआ। पड़ोस के युवक दुर्गेश ने खिड़की से झांककर शव देखा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।

सिटी फॉरेस्ट कांड का मुख्य आरोपी था मृतक

आशीष कुमार शर्मा खुद एक कुख्यात गैंगस्टर था। वह हमीरपुर के सिटी फॉरेस्ट कांड का मुख्य आरोपी था, जिसमें 16 अगस्त 2022 को एक युवती और उसके प्रेमी के साथ सामूहिक दुर्व्यवहार का मामला दर्ज था। उसके ऊपर एनडीपीएस एक्ट, छेड़खानी और मारपीट समेत कुल चार मुकदमे दर्ज थे।

एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा और चकेरी एसीपी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरती शुरुआती पूछताछ में झूठ बोल रही थी, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उसने पूरी साजिश उगल दी। पुलिस अब फरार प्रेमी सबलू खान को जल्द गिरफ्तार करने के लिए तत्पर है और मामले की गहन जांच जारी रखे हुए है।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में डबल बेड के बॉक्स में मिला महिला का शव, पढ़ें खौफनाक मामले के बारे में सबकुछ

गुरुग्राम: मजाक पड़ा भारी, शख्स के प्राइवेट पार्ट में एयर गन से भरी हवा, शरीर के अंदर के अंग फटे, हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।