1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. थाने के बाहर खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत, मरने से पहले वीडियो में पत्नी और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप

थाने के बाहर खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत, मरने से पहले वीडियो में पत्नी और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 20, 2026 11:14 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 11:14 pm IST

कानपुर के महाराजपुर थाने के बाहर 14 जुलाई को खुद को आग लगाने वाले 38 साल के महेश पासवान की इलाज के दौरान लखनऊ के KGMU में मौत हो गई।

Burn Kanpur- India TV Hindi
थाने के बाहर खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर में इंसाफ की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे एक युवक की दर्दनाक कहानी का दुखद अंत हो गया। महाराजपुर थाने के बाहर खुद को आग के हवाले करने वाले 38 साल के महेश पासवान ने कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रविवार देर रात लखनऊ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस बीच उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए खुद को बेहद परेशान बता रहा है। अब युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

थाने के बाहर खुद को लगाई आग

महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुफुवार गांव निवासी महेश पासवान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वर्ष 2015 में उसकी शादी सचेंडी क्षेत्र की रहने वाली पूनम से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और इसी तनाव के चलते हालात लगातार बिगड़ते चले गए। जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई की सुबह महेश अपनी पत्नी से जुड़े विवाद की शिकायत लेकर महाराजपुर थाने पहुंचा था। शिकायत दर्ज कराने के कुछ समय बाद वह थाने के मुख्य द्वार के बाहर आया और अचानक अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने माचिस जलाकर खुद को आग लगा ली।

मौत के बाद वीडियो वायरल

घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंबल और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। युवक को बचाने की कोशिश में थाना प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सौलिया और सिपाही अरुण कुमार भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे महेश को पहले उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर लखनऊ के KGMU रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रविवार देर रात उसकी मौत हो गई। महेश की मौत के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान होने की बात कह रहा है। हालांकि, पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है और उसकी सत्यता की पुष्टि की जा रही है।

मृतक की बहन दया ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने पहले महेश के साथ मारपीट की और बाद में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया। उनका कहना है कि इसी से आहत होकर महेश न्याय की उम्मीद में थाने पहुंचा था। परिवार का दावा है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी महेश ने अपने साथ हो रही प्रताड़ना का जिक्र किया था। महाराजपुर थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर, वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें:

पत्नी से हुआ झगड़ा, थाने में पति ने खुद को लगाई आग, बचाने में तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।