कानपुर में रेलवे की संपत्ति पर हाथ साफ करने वाले शातिर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईबी (CIB) ग्वालियर और कानपुर की संयुक्त टीम ने भीमसेन आरपीएफ पोस्ट क्षेत्र में छापेमारी कर ट्रेनों से डीजल और पेट्रोल चोरी करने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में चोरी का ईंधन बरामद हुआ है।
रेलवे यार्ड और खड़ी ट्रेनों से ईंधन चोरी
कानपुर के भीमसेन क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ट्रेनों से ईंधन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अंकुश लगाने के लिए सीआईबी ग्वालियर और सीआईबी कानपुर ने एक साझा रणनीति तैयार की। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने इलाके में घेराबंदी की और दो शातिर चोरों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सागर गौतम और शिवम गौतम के रूप में हुई है। ये दोनों ही कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में इन दोनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से रेलवे यार्ड और खड़ी ट्रेनों से ईंधन चोरी करने के धंधे में लिप्त थे।
बरामदगी और कार्रवाई:
पुलिस ने इनके कब्जे से 15 कट्टी (कैन) डीजल और पेट्रोल बरामद किया है। बरामद किए गए इस ईंधन की अनुमानित कीमत करीब ₹34,000 बताई जा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा किया है। इस चोरी के नेटवर्क में 4 अन्य सदस्यों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी फरार सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पकड़े गए दोनों आरोपियों को रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति को निशाना बनाने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)
यह भी पढ़ें-