1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूट्यूबर्स ने प्रैंक के लिए बच्चे को सचमुच में किया किडनैप, फिरौती में मांगे 2 लाख; पुलिस ने कान पकड़कर मंगवाई माफी

यूट्यूबर्स ने प्रैंक के लिए बच्चे को सचमुच में किया किडनैप, फिरौती में मांगे 2 लाख; पुलिस ने कान पकड़कर मंगवाई माफी

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Feb 15, 2026 04:29 pm IST,  Updated : Feb 15, 2026 04:33 pm IST

Kanpur YouTubers Kidnap: कानपुर में प्रैंक के नाम पर बच्चे को किडनैप करना यूट्यूबर्स को भारी पड़ गया। यूट्यूबर्स ने बच्चे की मां से 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने इन लोगों से कान पकड़कर माफी मंगवाई है।

कानपुर में यूट्यूबर्स...- India TV Hindi
कानपुर में यूट्यूबर्स ने प्रैंक के नाम पर सीधे बच्चा ही कर लिया किडनैप। Image Source : REPORTERS INPUT

कानपुर: सोशल मीडिया की चकाचौंध और यूट्यूब पर वायरल होने की होड़ में कुछ युवा ऐसे कदम उठा रहे हैं, जो न केवल कानून की सीमा लांघते हैं बल्कि निर्दोष लोगों की जिंदगी में दहशत भी पैदा कर देते हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां 8 यूट्यूबरों, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं ने महज एक 'प्रैंक वीडियो' बनाने के चक्कर में 10 साल के एक मासूम छात्र को किडनैप कर लिया और उसके परिवार से 2 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। पकड़े जाने पर ये आरोपी पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए और वादा किया कि वे दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे।

मासूम से फोन करवाकर मांगी 2 लाख की फिरौती

घटना की शुरुआत 11 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब बर्रा-8 इलाके के निवासी अमित शुक्ला का 10 साल का बेटा हर्षल घर के पास सब्जी खरीदने निकला था। हर्षल के अनुसार, रास्ते में दो लड़के मिले, जो उसे अपनी बातों में उलझाकर केडीएमए स्कूल के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसे धमकाते हुए एक फोन थमाया और कहा, 'अपनी मां को कॉल करो और 2 लाख रुपये मांगो, नहीं तो तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।ट डर के मारे हर्षल ने रोते हुए अपनी मां प्रभाती को फोन किया और पूरी बात बताई।

प्रैंक के नाम पर मासूम को किया किडनैप

मां प्रभाती के लिए यह पल बेहद भयावह था। बेटे की आवाज सुनकर पूरा परिवार दहशत में आ गया। परिवार वाले परेशान होकर इधर-उधर बच्चे की तलाश करने लगे। करीब 25 मिनट बाद एक नए नंबर से फिर कॉल आई, जिसमें किदवई नगर के यूपी किराना स्कूल के पास 5 हजार रुपये पहुंचाने की बात कही गई। रात करीब 9 बजे तक आरोपियों ने खुद को यूट्यूबर बताया और कहा कि यह सब एक प्रैंक था। इसके बाद उन्होंने बच्चे को छोड़ दिया। हर्षल रात करीब पौने 9 बजे घर लौट आया। मां को बेटा सही-सलामत मिला तो खुशी का ठिकाना न रहा, लेकिन मन में डर और गुस्सा दोनों थे।

जांच में आंध्र प्रदेश और कन्नौज के निकले मोबाइल नंबर

अगले दिन 12 फरवरी को छात्र की मां प्रभाती ने कानपुर साउथ के गुजैनी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गंभीरता से मामला लिया और तुरंत जांच शुरू की। फिर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के निर्देशन में टीम ने घटनास्थल के आसपास के करीब 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि फिरौती की कॉल आंध्र प्रदेश और कन्नौज के मोबाइल नंबरों से की गई थीं। दो स्थानीय किशोरों की भूमिका प्रमुख निकली।

पकड़ गए आरोपियों में 3 नाबालिग समेत 8 आरोपी शामिल

48 घंटे की लगातार मेहनत के बाद पुलिस ने 8 आरोपियों को पकड़ लिया। इन यूट्यूबर्स में अरविंद सिंह, चंदन कुमार, लकी, मो. शाहिद, अमन कटियार और तीन नाबालिग लड़के शामिल हैं। जांच में सामने आया कि अमन कटियार के खिलाफ पहले से गुजैनी और डेरापुर थाने में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पोस्ट करते थे। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट्स से 150 से 200 आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद हुए हैं।

शनिवार शाम डीसीपी साउथ ने पूरे मामले का खुलासा किया। पकड़े जाने पर आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगे। उन्होंने कान पकड़कर माफी मांगी और कहा, 'दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे।' फिलहाल मामले में सभी को जेल और सुधारगृह भेज दिया गया है।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- कानपुर में थाने के पास कांड! ऑटो ड्राइवर ने मां-बेटी समेत 4 महिलाओं पर ब्लेड से किया ताबड़तोड़ हमला, लगे 35 टांके

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।