1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्रवण कुमार बनी दिल्ली की बहू काजल चौधरी, 90 साल की सास को कांवड़ में बैठाकर करा रही हरिद्वार तक यात्रा

श्रवण कुमार बनी दिल्ली की बहू काजल चौधरी, 90 साल की सास को कांवड़ में बैठाकर करा रही हरिद्वार तक यात्रा

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 28, 2026 10:53 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 10:54 pm IST

अपने माता-पिता को तो कई लोग कांवड़ में बैठाकर लाते हैं, लेकिन दिल्ली की एक बहू अपनी सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से ला रही है। सास के प्रति बहु का प्यार और सम्मान देखकर हर कोई दंग रह गया।

mother in law kanwar yatra- India TV Hindi
सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार तक यात्रा करा रही दिल्ली की बहू। Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरनगर: सावन मास की कांवड़ यात्रा शुरू होते ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर जाने वाले कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। इस बार की यात्रा में तरह-तरह की अनोखी कांवड़ सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही हैं। ऐसी ही एक अनोखी और भावुक कर देने वाली कांवड़ यात्रा मुजफ्फरनगर से होकर गुजर रही है, जो श्रवण कुमार की कथा को जीवंत कर रही है।

कांवड़ यात्रा का सबसे भावुक दृश्य

दिल्ली के शाहदरा निवासी काजल चौधरी अपनी 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बिठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा कर रही हैं। कंधे पर कांवड़ और उसमें बैठी वृद्ध सास, यह दृश्य जो भी देख रहा है, वह भावुक हो रहा है।

सास को कंधे पर बिठाकर कर चुकी हैं 84 कोस की परिक्रमा

बताया जा रहा है कि यह काजल चौधरी की दूसरी कांवड़ यात्रा है। वर्ष 2025 में भी उन्होंने अपनी सास को कांवड़ में बिठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा पूरी की थी। काजल चौधरी पेशे से एक गायिका हैं, जो देहाती रागनी और भजनों के कारण सोशल मीडिया पर काफी प्रसिद्ध हैं। इसी वर्ष उन्होंने अपनी सास को कंधे पर बिठाकर 84 कोस की परिक्रमा भी की थी, जिसके बाद से वह लगातार चर्चा में हैं।

बारी-बारी से कांवड़ को कंधे पर उठाते हैं मां-बेटा

इस वर्ष की यात्रा में उनके छोटे पुत्र मनीष चौधरी भी साथ हैं। मां-बेटे बारी-बारी से कांवड़ को कंधे पर उठाते हैं और बीच-बीच में विश्राम करते हुए आगे बढ़ते हैं। मनीष चौधरी ने बताया कि उनकी दादी की उम्र 90 वर्ष है और उनके वजन के बराबर ही वे गंगाजल लेकर हरिद्वार से शाहदरा के लिए निकले हैं।

मोबाइल छोड़ बुजुर्गों की सेवा का संदेश

मनीष का कहना है कि आज युवा सोशल मीडिया और मोबाइल में व्यस्त हैं, ऐसे में सभी को अपने माता-पिता और दादा-दादी की सेवा करनी चाहिए, यही सनातन धर्म है। वहीं, काजल चौधरी ने कहा कि मां-बाप से बड़ी कोई सेवा नहीं है। आज छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते और घर टूट रहे हैं, इसलिए मन में बैर न रखकर प्यार से रहना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल और टीवी सीरियल से ध्यान हटाकर अपने परिवार और बुजुर्गों पर ध्यान दें और उन्हें संस्कार दें।

देखें वीडियो-

काजल चौधरी ने इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांवड़ मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश, खाने-पीने और रहने की बहुत अच्छी व्यवस्था है, जिसके लिए वे प्रशासन का आभार व्यक्त करती हैं।

वहीं, आपको बता दें कि कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू कर दी है। मंगलवार 28 जुलाई रात 12 बजे से 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

यह भी पढ़ें-

यूपी में कांवड़ यात्रा रूट पर बंद रहेंगी मांस-शराब की दुकानें, CM योगी का आदेश; अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन

अगर पहली बार उठाने जा रहे हैं कांवड़ तो जान लें ये जरूरी नियम, वरना अधूरी रह सकती है आपकी पूजा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।