"सपा वाले रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे, लेकिन हमने मंदिर वहीं बनवाया", यूपी के कन्नौज में गरजे योगी आदित्यनाथ
"सपा वाले रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे, लेकिन हमने मंदिर वहीं बनवाया", यूपी के कन्नौज में गरजे योगी आदित्यनाथ
Written By: Pankaj Yadav@ThePankajY
Published : May 11, 2024 01:10 pm IST,
Updated : May 11, 2024 01:11 pm IST
लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कन्नौज लोक सभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पार्टी को माफियाओं और अपराधियों की हितैषी बताया।
Image Source : SOCIAL MEDIA
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
देश में तीन चरणों में मतदान हो चुके हैं। देश की हर पार्टी अपने चुनाव प्रचार में लगी हुई है। इसी बीच भाजपा का स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कन्नौज में अपनी चुनावी सभी को संबोधित किया। उन्होंने कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- पूरे देश और इस राज्य की जनता ने अपना मन बना लिया है। हम उत्तर प्रदेश की 80 में से 80 सीटों पर कमल का फूल खिलाएंगे और उसकी माला बनाकर माननीय प्रधानमंत्री के गले में पहनाएंगे। सीएम ने कन्नौज की जनता से भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक को चुनाव में भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने देश में 400 से भी ऊपर सीटें जीतने का दावा किया।
हमने राम मंदिर वहीं बनवाया
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि ये नया भारत केवल बोलता ही नहीं है करके दिखाता है। भाजपा ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। तब समाजवादी पार्टी के लोग रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे। बोलते थे परिंदा भी पर नहीं मार सकता लेकिन हमने आज मंदिर वहीं बनाकर दिखाया है। 500 सालों बाद इस वर्ष पहली बार प्रभु श्री राम ने अयोध्या की इस पावन धरती पर होली भी खेली और अपना जन्मदिन भी मनाया है। पहली बार भगवान राम का सूर्य तिलक भी हुआ है। ये अद्भुत घटनाएं भारत में कभी-कभी होती है और हम सौभाग्यशाली है जो इन घटनाओं को अपनी आंखों के सामने होते हुए देख रहे हैं।
"भाजपा परिवार के लिए नहीं बल्कि देश हित के लिए लड़ रही है"
समाजवादी पार्टी के लोग एक तरफ रामलला के भक्तों पर गोली चलवाते थे और दूसरी तरफ देश के आतंकवादियों के मुकदमे खत्म करवाते थे। उन्हें अपना संरक्षण देते थे। कांग्रेस ने देश की जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया और सपा ने राज्य की जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया। ये दोनों हमेशा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे रहे हैं इसलिए एक बार फिर दोनों मिलकर जोर आजमाइश कर रहे हैं। बीजेपी का संकल्प देश के विकास के लिए है, जो आने वाली पीढ़ी को एक अच्छा जीवन दे सके। भारतीय जनता पार्टी देश के हित में चुनाव लड़ रही है। लेकिन कांग्रेस और सपा अपने परिवार के लिए चुनाव लड़ रहे हैं ताकि देश और राज्य के धन को लूटकर अपने परिवार वालों को दे सकें। राष्ट्र के हित में चुनाव लड़ने के लिए हमें आपका समर्थन चाहिए।
"सपा के लोग आतंकवाद और माफियाओं के साथ"
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से कहा- समाजवादी पार्टी की सरकार में हर तीसरे दिन दंगे हुआ करते थे। आरजकता चरम पर हुआ करती थी। गुंडागर्दी सबसे ऊपर थी। बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं थी। लेकिन आज नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में यह बिल्कुल साफ है कि राज्य में गुंडे और माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। आज माफिया और अपराधियों को उनकी जगह पर पहुंचा दिया गया है। लेकिन समाजवादी पार्टी के लोगों की संवेदनाएं आज भी उनके प्रति ही हैं। जब राम भक्त और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हुआ था तब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके लिए एक शब्द भी नहीं बोला था और हाल में ही यही अखिलेश यादव एक माफिया के मृत्यु पर उनके परिवार वालों से मिलने और उनके लिए आंसू बहाने गए थे। सपा वालों की संवेदनाएं भारत के लोगों के लिए नहीं है, ना ही राम भक्तों के लिए है बल्कि इनकी संवेदनाएं आतंकवादियों के लिए है, माफियाओं और अपराधियों के लिए है।