1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बेटी की शादी से 2 दिन पहले सैनिक की मौत, सेना का जवानों ने किया कन्यादान; भावुक पल को देख सभी के छलक पड़े आंसू

बेटी की शादी से 2 दिन पहले सैनिक की मौत, सेना का जवानों ने किया कन्यादान; भावुक पल को देख सभी के छलक पड़े आंसू

 Published : Dec 09, 2024 08:24 am IST,  Updated : Dec 09, 2024 08:24 am IST

बेटी की शादी से ठीक दो दिन पहले पिता की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य सोच-विचार कर रहे थे कि कन्यादान कौन करेगा, इसी बीच जब देवेंद्र की मृत्यु के बारे में उनकी जाट बटालियन के साथियों को पता चला तो उनके कमांडिग अधिकारी ने 5 जवानों को कन्यादान करने के लिए गांव भेजा।

soldier daughter kanyadaan- India TV Hindi
बेटी का कन्यादान करते सेना के जवान। Image Source : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के मांट क्षेत्र में छुट्टी लेकर बेटी की शादी करने आए सैनिक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिसके बाद साथी सैनिकों ने पिता का कर्तव्य निभाते हुए कन्यादान किया। मांट के थानाध्यक्ष रंजीत वर्मा ने रविवार को बताया कि बकला गांव के रहने वाले 48 वर्षीय देवेंद्र सिंह की बेटी की सात दिसंबर को शादी होनी थी, जिसकी तैयारियों में वह जोर-शोर से जुटे थे, लेकिन शादी से दो दिन पहले देवेंद्र की मांट-राया रोड पर हादसे में मौत हो गई।

बीच में ही रुक गईं शादी की तैयारियां

देवेंद्र के रिश्तेदार नरेन्द्र ने बताया कि बेटी की शादी से ठीक दो दिन पहले पिता की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया और तैयारियां बीच में ही रुक गईं। मैरिज होम में चल रही तैयारी धरी-धरी की रह गईं। बेटी भी शादी को तैयार नहीं थी। पिता की याद में रो-रोकर उसका बुरा हाल हो गया है।

सेना के जवानों ने निभाया पिता का फर्ज

नरेन्द्र ने बताया कि परिवार के सदस्य सोच-विचार कर रहे थे कि कन्यादान कौन करेगा, इसी बीच जब देवेंद्र की मृत्यु के बारे में उनकी जाट बटालियन के साथियों को पता चला तो उनके कमांडिग अधिकारी ने 5 जवानों को कन्यादान करने के लिए बकला गांव भेजा। नरेन्द्र ने बताया कि देवेंद्र के साथी सैनिकों सूबेदार सोनवीर सिंह, सूबेदार मुकेश कुमार, हवलदार प्रेमवीर, विनोद और बेताल सिंह ने गांव पहुंच कर न केवल पिता की हैसियत से बेटी का कन्यादान किया बल्कि विवाह की व्यवस्था में भी पूरी मदद की।

सेना की वर्दी में बेटी का कन्यादान हुआ तो यहां मौजूद लोगों की आंखों से आंसुओं की धारा बह चली। जवानों ने बेटी को आगे भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ में हुई अनूठी सगाई, एक-दूसरे को पहनाया हेलमेट; पिता के एक्सीडेंट ने बदल दिया जीने का मकसद

शादी से लौट रहे पुलिस इंस्पेक्टर की सड़क हादसे में चली गई जान, मंजर देख सभी रह गए दंग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।