1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की मौत: कितनी पढ़ाई की थी, काम क्या करते थे? जानें सब कुछ

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की मौत: कितनी पढ़ाई की थी, काम क्या करते थे? जानें सब कुछ

 Published : May 13, 2026 07:48 am IST,  Updated : May 13, 2026 10:31 am IST

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आ रही है। प्रतीक यादव ने हमेशा से ही राजनीति से दूरी बनाकर रखी थी। आइए जानते हैं प्रतीक यादव के बारे में कुछ खास बातें।

prateek yadav death akhilesh Yadav- India TV Hindi
अखिलेश यादव के भाई प्रतीक का निधन। (फाइल फोटो) Image Source : PTI/INSTA/IAMPRATEEKYADAV

उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आ रही है। सपा संस्थापक और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को बुधवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में Brought Dead लाया गया है। बता दें कि प्रतीक यादव भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। उनक निधन की खबर ने हर किसी को हैरान करके रख दिया है। आपको बता दें कि प्रतीक यादव हमेशा से ही राजनीति से दूर रहते थे। आइए जानते हैं कि प्रतीक यादव राजनीति के बजाय करते क्या थे।

कौन थे प्रतीक यादव?

दरअसल, प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक सपा के वर्तमान अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव का जन्म 7 जुलाई 1987 को हुआ था। मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी मालती देवी थीं। उनके बेटे अखिलेश यादव हैं। हालांकि, साल 2003 में मालती देवी का निधन हो गया था। जानकारी के अनुसार, मुलायम सिंह यादव ने काफी समय तक दो पत्नियों की बात छिपाई थी। हालांकि, उन्होंने कुछ समय बाद इस बात को स्वीकार कर लिया था।

प्रतीक ने कितनी पढ़ाई की?

प्रतीक यादव की शुरुआती पढ़ाई उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से हुई थी। इसके बाद प्रतीक ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम किया था। प्रतीक उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए लंदन भी गए थे। यहां उन्होंने लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की थी। एक ओर अखिलेश यादव ने राजनीति की ओर रुख किया तो वहीं, प्रतीक यादव हमेशा से राजनीति से दूर रहे।

क्या करते थे प्रतीक यादव?

प्रतीक यादव ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद राजनीति के बजाय कारोबार के क्षेत्र में कदम रखा था। जानकारी के अनुसार, प्रतीक रियल एस्टेट का बिजनेस करते थे। प्रतीक कई महंगी लग्जरी कारों का कलेक्शन भी बताया जाता है। प्रतीक यादव फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के भी काफी शौकीन थे और वह जिम ट्रेनर भी रह चुके थे। उनके पास लखनऊ में एक जिम भी था जिसका नाम 'द फिटनेस प्लैनेट था'।

अपर्णा से हुई थी प्रतीक की शादी

प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। काफी लंबे समय तक प्रेम में रहने के बाद दोनों ने साल 2012 में शादी की थी। अपर्णा ने साल 2017 में राजनीति में कदम रखा था और उन्होंने लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अपर्णा साल 2022 में भाजपा में शामिल हो गई थीं। वर्तमान में वह यूपी की महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। हाल ही में प्रतीक यादव और अपर्णा के तलाक की चर्चा सामने आई थी। हालांकि, बाद में प्रतीक ने खुद सामने आकर इन बातों को खारिज कर दिया था।

ये भी पढ़ें- यूपी से बड़ी खबर, सपा नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, महज 38 साल थी उम्र

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।