1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ईद पर नमाजियों ने पुलिस के साथ बचाई नाले में फंसी गाय की जान, VIDEO हुआ वायरल

ईद पर नमाजियों ने पुलिस के साथ बचाई नाले में फंसी गाय की जान, VIDEO हुआ वायरल

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 30, 2023 09:03 am IST,  Updated : Jun 30, 2023 09:04 am IST

बकरीद पर दोपहर की नमाज पढ़कर आ रहे नमाजी गाय को नाले में फंसा देख मदद के लिए रुक गए और मोटी रस्सी मंगवाकर उसके सहारे गाय को निकालने की कोशिश की।

cow rescue operation- India TV Hindi
रेस्क्यू ऑपरेशन में मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस की मदद की Image Source : INDIA TV

मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश): मुरादाबाद-रामपुर रोड के पास बने नाले में फंसी गाय का दर्द थाना कटघर के चौकी इंचार्ज और नमाजियों से देखा नहीं गया। वह जूते उतारकर खुद सीढ़ी लगाकर नाले में उतर गए। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को नाले से बाहर निकाला गया। खास बात यह रही कि रेस्क्यू ऑपरेशन में मुस्लिम समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

क्या है पूरा मामला

ये वाकया बीते कल बकरीद वाले दिन का है। चौकी प्रभारी बकरीद की शांति व्यवस्था ड्यूटी में गोट गांव में तैनात थे। उसी दौरान उन्हें गाय के दलदल में फंसने की सूचना मिली। ईद की वजह से आवागमन कम था इसलिए काफी समय तक किसी की निगाह उस ओर नहीं गई। थाना कटघर के चौकी इंचार्ज ओम शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे और वहां रूककर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। तभी दोपहर की नमाज पढ़कर आ रहे नमाजी गाय को नाले में फंसा देख मदद के लिए रुक गए और मोटी रस्सी मंगवाकर उसके सहारे गाय को निकालने की कोशिश की।

गाय के दलदल में ज्यादा फंसे होने की वजह से बाहर ना निकलने पर जेसीबी बुलाई गई। चौकी इंचार्ज ओम शुक्ला ने अपनी वर्दी और मुस्लिम नमाजियों ने अपने कपड़ों की परवाह किए बिना जेसीबी की मदद से रस्सी से गाय को बांधकर बमुश्किल बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो बनाकर लोगों ने वायरल कर दिया है।

देखें वीडियो-

चौकी प्रभारी ओम शुक्ला ने बताया कि गाय को नाले से बाहर निकालने के बाद उसे साफ पानी से नहलाया गया। बाद में पशु चिकित्सक को बुलाकर उपचार कराया गया। अब गाय पूरी तरह से स्वस्थ है।

(मुरादाबाद से राजीव शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।