1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा की हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में निकला जहरीला सांप, मच गया हड़कंप, देखें VIDEO

नोएडा की हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में निकला जहरीला सांप, मच गया हड़कंप, देखें VIDEO

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 05, 2025 11:52 pm IST,  Updated : Oct 05, 2025 11:52 pm IST

नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में सांप निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि सांप को पकड़ लिया गया है और गनीमत ये है कि कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है।

Noida- India TV Hindi
लिफ्ट में निकला सांप Image Source : REPORTER INPUT

नोएडा: नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में जहरीला सांप निकलने से हड़कंप मच गया है। लिफ्ट में अचानक जहरीला सांप देखकर सोसाइटीवासी सहम गए। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग डंडों के सहारे सांप को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर -168 स्थित गोल्डन पाम सोसाइटी की लिफ्ट में अचानक सांप निकल आया। आनन फानन  में सोसाइटीवासियों ने मेंटेनेंस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद मेंटेनेंस की टीम ने रेस्क्यू कर सांप को पकड़कर सुरक्षित वेटलैंड में छोड़ दिया।

सोसाइटी में कोई भी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि मेंटेनेंस की टीम के अनुसार, सांप कोबरा प्रजाति का लग रहा था। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कोबरा सांप कितना खतरनाक होता है?

कोबरा को दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में से एक माना जाता है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिन होता है, जो तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है और जानलेवा होता है। ये जहर, पीड़ित को लकवा भी मार सकता है। कोबरा के काटने पर दर्द, सूजन, चक्कर आना, सांस लेने में तकलीफ, और बेहोशी शामिल है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर पीड़ित की मौत हो सकती है। 

भारत में पाया जाने वाला इंडियन कोबरा बहुत खतरनाक माना जाता है क्योंकि इसका जहर कुछ ही घंटों में असर करता है। हालांकि समय पर एंटी-वेनम और मेडिकल सुविधा मिलने पर पीड़ित की जान बचाई जा सकती है। 

सांपों को लेकर जनता के बीच कौन-कौन से भ्रम पाए जाते हैं?

सांपों को लेकर भारत में और विश्व भर में कई भ्रम और मिथक प्रचलित हैं। लोग अक्सर सभी सांपों को खतरनाक और जहरीला मान लेते हैं। वास्तव में विश्व में सांपों की हजारों प्रजातियों में से केवल 15-20% ही जहरीली होती हैं।

कुछ लोग मानते हैं कि अगर एक सांप का साथी मारा जाता है, तो दूसरा सांप बदला लेने आता है। हालांकि इस बात के कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिले हैं।

कुछ लोग मानते हैं कि सांप इच्छानुसार मानव या अन्य रूप धारण कर सकते हैं। ये भी पूरी तरह काल्पनिक बात है। कुछ लोग मानते हैं कि सांपों, खासकर कोबरा, के पास "नागमणि" होती है, जो चमकती है और जादुई शक्तियां रखती है। ये भी एक मिथक है। (इनपुट: राहुल ठाकुर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।