1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सिक्किम में हनीमून पर गया एक और नवविवाहित जोड़ा लापता, परिजन बोले- 'एक चप्पल तक नहीं मिली'

सिक्किम में हनीमून पर गया एक और नवविवाहित जोड़ा लापता, परिजन बोले- 'एक चप्पल तक नहीं मिली'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 09, 2025 10:22 am IST,  Updated : Jun 09, 2025 05:48 pm IST

कौशलेंद्र और अंकिता जिस वाहन में सवार थे, उसे खाई में गिरे 11 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों के परिजन सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं।

Kaushlendra nan Ankita- India TV Hindi
कौशलेंद्र और अंकिता Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के सोनम और राजा के बाद सिक्किम में हनीमून पर गया एक और नवविवाहित जोड़ा लापता हो गया है। 11 दिन से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। राजा और सोनम मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। राजा का शव पहले ही बरामद हो गया था। अब सोनम भी सही सलामत यूपी के गाजीपुर में मिल गई है। वहीं, यूपी के प्रतापगढ़ जिले के नवविवाहित दंपति कौशलेंद्र प्रताप सिंह और अंकिता सिंह का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का कहना है कि "अब तक एक चप्पल तक नहीं मिला।"

लालगंज तहसील क्षेत्र के राहाटीकर गांव के रहने वाले कौशलेंद्र और अंकिता हनीमून पर सिक्किम गए थे। दोनों जिस वाहन में सवार थे। वह 29 मई को हादसे का शिकार हो गया था और 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया था। इस हादसे को 11 दिन हो चुके हैं, लेकिन दोनों की कोई खबर नहीं मिली है। इस वाहन में सवार दो लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इनमें से एक सामान्य वार्ड और दूसरा आईसीयू वार्ड में भर्ती है। इन लोगों ने भी पुष्टि की है कि कौशलेंद्र और अंकिता इनके साथ ट्रैवलर में मौजूद थे।

Ankita and Kaushlendra
Image Source : INDIA TVअंकिता और कौशलेंद्र

अब तक नहीं मिला कोई सामान

सर्च ऑपरेशन में जुटी टीम को ट्रैवलर में सवार लोगों के कई सामान मिले हैं, लेकिन इनमें से कोई भी सामान कौशलेंद्र या अंकिता का नहीं है। कौशलेंद्र के पिता शेर बहादुर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए। उनका कहना है “अब तक जितने भी सामान, कपड़े, जूते, घड़ी, चश्मा, बैग निकाले गए हैं, उनमें से कोई भी मेरे बेटे या बहू का नहीं है। जब तक मैं उन्हें खोज नहीं लेता, सिक्किम नहीं छोड़ूंगा।” उन्होंने देशवासियों से भी भावनात्मक अपील की कि वे दंपति की सकुशल वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। 

5 मई को हुई थी शादी

परिजनों ने बताया कि कौशलेंद्र और अंकिता की शादी अभी 5 मई को ही हुई थी और दोनों 25 मई को हनीमून पर सिक्किम गए थे। पट्टी के छिवलहा गांव के रहने वाले अंकिता के पिता विजय सिंह डब्बू  भी सरकार से उम्मीद की आस लगाए बैठे हैं। विजय सिंह ने बताया कि 29 मई को बेटी से बात हुई थी और वह बहुत खुश थी, लेकिन इसके बाद  से ही वह गायब है। जिससे पूरे परिवार में मातम का माहौल है।हालांकि अभी भी उन्हें भगवान पर भरोसा है और अपनी बेटी और दामाद के सकुशल लौटने की उम्मीद जता रहे हैं।

missing couple relatives
Image Source : INDIA TVकौशलेंद्र और अंकिता के इंतजार में बैठे परिजन

कौशलेंद्र के दादा सरकार से नाराज

कौशलेंद्र के दादा और भाजपा नेता डॉ. उम्मेद सिंह 'इन्सान' ने भी घटना को लेकर सरकार की उदासीनता पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बताया “मैंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, महामहिम राज्यपाल, गृहमंत्री, प्रधानमंत्री, पीएमओ तक संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कहीं से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली। पार्टी में हम वर्षों से सेवा कर रहे हैं, लेकिन जब संकट आया तो कोई देखने तक नहीं आया।” उन्होंने बताया कि ओडिशा सरकार, जहां उनकी पार्टी की सरकार है, ने तुरंत संज्ञान लेकर प्रशासन को एक्टिव किया, जबकि उत्तर प्रदेश और केंद्र से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।

(प्रतापगढ़ से बृजेश मिश्रा की रिपोर्ट)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।