1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज: दारोगा के घर में घुसा गंगा में आई बाढ़ का पानी, पूजन भी किया और डुबकी भी लगाई, वायरल हुआ VIDEO

प्रयागराज: दारोगा के घर में घुसा गंगा में आई बाढ़ का पानी, पूजन भी किया और डुबकी भी लगाई, वायरल हुआ VIDEO

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Aug 03, 2025 08:33 pm IST,  Updated : Aug 03, 2025 08:36 pm IST

प्रयागराज में एक दारोगा के घर में बाढ़ का पानी घुस गया, जिसके बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ वीडियो शेयर किए, जो वायरल हो रहे हैं। दारोगा ने अपने घर में ही गंगा के पानी में डुबकी लगा ली।

Prayagraj, Viral Video, SI Chandradeep Nishad- India TV Hindi
प्रयागराज में SI चंद्रदीप निषाद के घर में घुसा बाढ़ का पानी, लगाई डुबकी Image Source : FACEBOOK/CHANDRADEEP.NISHAD.77/

प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक दारोगा के घर में गंगा में आई बाढ़ का पानी घुस गया तो उन्होंने उसी पानी में आस्था की डुबकी लगा ली। दारोगा ने न केवल घर में घुसे पानी में डुबकी लगाई बल्कि इसका वीडियो भी अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया। अब दारोगा का ये वीडियो वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला? 

प्रयागराज में SI चंद्रदीप निषाद के घर में बाढ़ का पानी घुस गया। ऐसे में उन्होंने इस बात को जिस तरह से अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया, वो वायरल हो रहा है। पहले निषाद ने पोस्ट किया, "आज सुबह ड्यूटी पर निकलते समय मां गंगा का आगमन हमारे घर पर हुआ। अपने दरवाजे पर मां गंगा का दर्शन पूजन करके आशीर्वाद प्राप्त किया। जय गंगा मैया।"

फिर निषाद ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "आज मां गंगा का पूरी तरह से मेरे घर में आगमन हो गया। मैंने अपने घर में आस्था की डुबकी लगाई। जय गंगा मैया।"

दारोगा ने घर की खिड़की से भी पानी में छलांग लगाई

दारोगा ने घर की खिड़की से भी पानी में छलांग लगाई और इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने लिखा, "आज मां गंगा की गोद में जय गंगा मैया। नोट- आपसे अनुरोध है कृपया आप इस तरह की चीजों को करने का प्रयास न करें। मैं भूतपूर्व राष्ट्रीय तैराक हूं।"

गंगा और यमुना दोनों नदियां खतरे के निशान के ऊपर 

प्रयागराज में इन दिनों खूब बारिश हुई है और बाढ़ आई हुई है। हालात ये हैं कि लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। कुछ घर तो पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, वहीं कई घरों के ग्राउंड फ्लोर पर पानी भरा हुआ है और घर का सामान उसमें तैर रहा है।

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण किया है और बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी है। बता दें कि प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। कई गांवों का संपर्क मार्ग डूबा हुआ है और लोग नाव का सहारा ले रहे हैं। एक दर्जन से अधिक मोहल्ले बाढ़ की चपेट में हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।