1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP में भी जहरीली कफ सिरप पर लगा बैन, लखनऊ में छापेमारी जारी; सरकार ने दी चेतावनी

UP में भी जहरीली कफ सिरप पर लगा बैन, लखनऊ में छापेमारी जारी; सरकार ने दी चेतावनी

 Reported By: Vishal Singh, Edited By: Amar Deep
 Published : Oct 06, 2025 12:32 pm IST,  Updated : Oct 06, 2025 12:49 pm IST

छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप पीने से 14 बच्चों की मौत के बाद यूपी में भी इस कफ सिरप पर बैन लगा दिया गया है। इसके साथ ही लखनऊ में कई जगहों पर इसकी बिक्री रोकने के लिए छापेमारी भी की गई।

जहरीली कफ सिरप को लेकर लखनऊ में छापेमारी।- India TV Hindi
जहरीली कफ सिरप को लेकर लखनऊ में छापेमारी। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप पीने से 14 बच्चों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद एमपी सहित देश के अन्य राज्यों में भी इस कफ सिरप पर बैन लगा दिया गया है। यूपी में भी इस जहरीली कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही दुकानदारों को इसकी बिक्री नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। यूपी में कई जगहों पर कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री रोकने के लिए छापेमारी भी की जा रही है। FSDA की टीम ने लखनऊ में कुछ स्थानों पे छापे मारे, ताकि प्रतिबंधित ब्रांड को मार्किट में न बिकने दिया जाए। इस बीच लखनऊ के लोहिया अस्पताल के पास भी रेड की जानकारी सामने आ रही है। 

राज्य में कफ सिरप पर लगा प्रतिबंध

बता दें कि यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने कई बच्चों की मौत से जुड़े कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है। यूपी सरकार ने आगे के नुकसान को रोकने के लिए कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है और लोगों से इस प्रकार के कफ सिरप का सेवन न करने का आग्रह करते हुए एक सलाह जारी की गई है। ब्रजेश पाठक ने बताया, "यह बहुत दुखद है कि कई बच्चों ने कफ सिरप का सेवन करने के बाद अपनी जान गंवा दी है। हमारी सरकार ने कभी भी ऐसा कफ सिरप नहीं खरीदा है। हमने एक एडवाइजरी भी जारी की है जिसमें राज्य के लोगों से इस प्रकार के कफ सिरप का सेवन न करने का आग्रह किया गया है। हमने राज्य में इस कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है।"

नमूनों की हो रही जांच

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने इस मामले में एक जांच शुरू की है और कोल्ड्रिफ कफ सिरप के निर्माता श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। यूपी के सहायक औषधि प्रशासन आयुक्त ने सभी औषधि निरीक्षकों को पूरे उत्तर प्रदेश के सरकारी और निजी संस्थानों से श्रीसन फार्मास्युटिकल छिंदवाड़ा द्वारा निर्मित कफ सिरप के नमूने एकत्र करने के निर्देश जारी किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। आदेश में अगली सूचना तक सरकारी और निजी संस्थानों में कफ सिरप के आयात और निर्यात पर भी रोक लगा दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि आगे के प्रतिकूल प्रभावों को रोकने और राज्य में प्रसारित दवाओं की सुरक्षा की निगरानी के लिए एहतियाती उपाय के रूप में कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

कटक में बवाल! कई इलाकों में कर्फ्यू के बाद इंटरनेट सेवा भी बंद; जानें क्यों हाई अलर्ट पर है शहर?

जयपुर के SMS अस्पताल में अग्निकांड, ICU में 7 मरीजों की जलकर दर्दनाक मौत; मौके पर पहुंचे CM भजनलाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।