1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. i20 कार से की रेकी, महिला का कुंडल नोचा और कार में लाद ले गए 6 बकरियां; 4 महीने बाद हुआ पर्दाफाश

i20 कार से की रेकी, महिला का कुंडल नोचा और कार में लाद ले गए 6 बकरियां; 4 महीने बाद हुआ पर्दाफाश

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 06, 2026 07:28 pm IST,  Updated : Oct 06, 2026 07:28 pm IST

कानपुर की नर्वल थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने i20 कार से रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश गांवों में घूमकर पहले जगहों की रेकी करते थे।

Kanpur Police- India TV Hindi
कानपुर पुलिस Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर के नर्वल थाना क्षेत्र में चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। नर्वल थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने करविगवां फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी i-20 कार से गांवों में घूमकर पहले रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी व छिनैती की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात ग्राम बारादरी में रुपरानी अपने घर के बरामदे में सो रही थीं। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बदमाशों ने उनके बाएं कान से कुंडल नोंच लिया। इसी दौरान आरोपियों ने गांव में ही लीलावती के घर में घुसकर चार्जिंग पर लगा मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया।

दिनदहाड़े कार में लाद ले गए थे 6 बकरियां

पूछताछ में आरोपियों ने नर्वल के ग्राम पारा में 22 जून को हुई बकरी चोरी की वारदात भी कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजेंद्र प्रसाद के घर के बाहर से छह बकरियां i-20 कार में लादकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की बकरियां बेचने से मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। इसके बाद पैसे खाने-पीने और मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे।

तीसरा साथी पहले ही जा चुका है जेल

एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे करविगवां फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर नौशाद उर्फ अयूब निवासी मलवां, फतेहपुर और अजय सिंह उर्फ शुभम निवासी गदियाना, चकेरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह का तीसरा सदस्य धीरज सोनकर पहले ही 4 अक्टूबर को फतेहपुर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में जेल भेजा जा चुका है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल i-20 कार भी बरामद हुई है।

कुंडल, मोबाइल और नकदी बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पीली धातु का एक कुंडल, चोरी किया गया काले रंग का मोबाइल फोन और 3,040 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, नौशाद के खिलाफ कानपुर और फतेहपुर के अलग-अलग थानों में चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी अजय के खिलाफ भी दो मुकदमे पहले से दर्ज बताए गए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत, 3 घायल

कानपुर में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गले में रस्सी बांधकर घसीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।