1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चाचा ने तलवार से हमला कर भतीजे को मार डाला, बेटे की मौत का लिया बदला

चाचा ने तलवार से हमला कर भतीजे को मार डाला, बेटे की मौत का लिया बदला

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 20, 2025 02:59 pm IST,  Updated : Oct 20, 2025 03:04 pm IST

सोनभद्र के नगवां गांव में एक चाचा ने तलवार से हमला कर अपने भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह सड़क हादसे में बेटे की मौत का बदला लेना माना जा रहा है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दुद्धी थाना क्षेत्र के नगवां गांव में रविवार देर शाम एक चाचा ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर अपने भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह छह महीने पहले हुए एक सड़क हादसे में बेटे की मौत का बदला लेना माना जा रहा है।

घर के दरवाजे पर किया हमला

दुद्धी थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) स्वतंत्र कुमार सिंह ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान 19 वर्षीय जीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसके चाचा छट्ठू सिंह हैं। एसएचओ के अनुसार, रविवार की शाम जब जीत सिंह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था, तभी आरोपी छट्ठू सिंह ने तलवार से उस पर हमला कर दिया, जिससे जीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

बदले की भावना, संपत्ति विवाद

पुलिस के मुताबिक, इस हत्या के पीछे दो मुख्य कारण हो सकते हैं। पहली वजह, छह महीने पहले आरोपी छट्ठू सिंह के बेटे की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस समय मोटरसाइकिल जीत सिंह चला रहा था। आरोपी तभी से अपने बेटे की मौत के लिए भतीजे जीत सिंह को ही जिम्मेदार मानता था। वहीं, दूसरी वजह ये हो सकती है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन जायदाद को लेकर भी विवाद चल रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी छट्ठू सिंह इन सभी बातों से नाराज था और वह कई बार जीत सिंह को जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।

आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

एसएचओ स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हत्या के बाद से आरोपी छट्ठू सिंह फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस घटना के बाद नगवां गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

कश्मीर के धार्मिक शिक्षण संस्थान में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे छात्र; VIDEO आया सामने

बेटी से छेड़छाड़ के शक में पिता ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला, हत्या के बाद नहर किनारे फेंका शव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।