1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश में 2027 का रण जीतने की तैयारी! BJP कोर ग्रुप की बैठक में इन मुद्दों पर हुआ मंथन

उत्तर प्रदेश में 2027 का रण जीतने की तैयारी! BJP कोर ग्रुप की बैठक में इन मुद्दों पर हुआ मंथन

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 12, 2026 09:00 am IST,  Updated : Sep 12, 2026 09:00 am IST

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी कोर ग्रुप की लखनऊ में अहम बैठक हुई। बैठक में बीएल संतोष, विनोद तावड़े, सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम समेत वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

Uttar Pradesh Assembly Election 2027, UP BJP Core Group Meeting, Yogi Adityanath- India TV Hindi
बीजेपी नेताओं ने यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अहम बैठक की है। Image Source : PTI FILE

Highlights

  • लखनऊ में BJP कोर ग्रुप की बैठक, 2027 चुनाव की तैयारियों पर नेताओं ने किया मंथन।
  • 17 सितंबर से सेवा संकल्प और सुशासन अभियान, महिलाओं और युवाओं पर भी रहेगा फोकस।
  • अखिलेश के सरकार बनाने के दावे पर पंकज चौधरी बोले- मुंगेरी लाल सपने देखते रहें।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में शुक्रवार शाम पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बीजेपी के कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई। करीब 2 घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ संगठन और सरकार से जुड़े कई अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई। बता दें कि हाल ही में यूपी बीजेपी ने क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों का ऐलान किया था और 6 क्षेत्र प्रभारियों की नियुक्ति की थी

बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ?

बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए। बैठक के बाद प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि सभी नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आने वाले महीनों में पार्टी की दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा की।

17 सितंबर से शुरू होंगे अहम अभियान

पंकज चौधरी ने कहा कि 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 'सेवा संकल्प' और 'सुशासन' अभियान शुरू किए जाएंगे। बैठक में इन अभियानों की तैयारियों और उनके जरिए जनता तक पहुंचने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा,

'बीएल संतोष जी, बीजेपी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और महासचिव विनोद तावड़े जी, सह प्रभारी जगदीश पटेल जी, मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ हमने विस्तार से चर्चा की। तैयारियों के साथ-साथ 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प और सुशासन अभियानों की योजना पर भी बात हुई।'

जल्द होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले उन्हें अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। ऐसे में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जल्द बुलाने को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में संगठन को किस दिशा में काम करना है और 2027 के चुनाव के लिए तैयारियां किस तरह आगे बढ़ानी हैं, इस पर भी बैठक में विचार किया गया।

सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का फायदा ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा महिलाओं और युवाओं की जरूरतों पर भी बात हुई। खास तौर पर Gen Z यानी युवा पीढ़ी के लिए पार्टी और सरकार की ओर से की जा रही पहलों को लेकर भी चर्चा हुई।

संतोष और तावड़े की मौजूदगी ने बढ़ाई बैठक की अहमियत

बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष के लखनऊ में मौजूद होने की वजह से भी इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार लखनऊ पहुंचे। बैठक से पहले शुक्रवार दोपहर से ही बीजेपी मुख्यालय पर कई पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।

अखिलेश के दावे पर पंकज चौधरी का तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार दावा कर रहे हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद यूपी में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। इस पर पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा, 'मैं मुंगेरी लाल को सुंदर सपने देखने से नहीं रोक सकता।'

बीजेपी ने संगठन को बताया अपनी ताकत

इससे पहले शुक्रवार को बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि बीजेपी संगठन और कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर व्यक्ति को महत्व दिया जाएगा और बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार जनता की सेवा के लिए काम करती है। वरिष्ठ नेताओं के राज्य के दौरे के दौरान ऐसी बैठकें होती रहती हैं और इनसे आने वाले चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं और संगठन को नई ऊर्जा मिलती है।

सपा और कांग्रेस पर भी बीजेपी का हमला

दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दोनों को 'विक्रम और बेताल' की जोड़ी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के कंधे पर सवार होकर भी अमेठी और रायबरेली तक नहीं जीत सकती। सिंह ने समाजवादी पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए। सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों का काम सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस करना, सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना और राजनीतिक ड्रामा करना रह गया है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: आकाश आनंद को सपा में शामिल करने के सवाल पर अखिलेश यादव बोले- 'लेकर आइए, हम ले लेंगे'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।