1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में गिरने से मासूम बच्चे की मौत मामले में एक्शन, ठेकेदार को किया गया गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में गिरने से मासूम बच्चे की मौत मामले में एक्शन, ठेकेदार को किया गया गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 26, 2026 01:15 pm IST,  Updated : Jul 26, 2026 02:00 pm IST

ग्रेटर नोएडा में 25 जुलाई की शाम को नॉलेज पार्क क्षेत्र में एक 6 साल के बच्चे की 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी। अब इस मामले में प्राधिकरण ने तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है, जिसमें ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Greater Noida Pit Hole- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा गड्ढा जिसमें गिरकर बच्चे की हुई मौत। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 25 जुलाई की शाम को एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। शनिवार को अव्यान अन्य बच्चों के साथ कलाधाम सोसायटी के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया और फिर जब तक लोग उसे बचाने पहुंचे उस समय तक उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव के बेटे अव्यान के रूप में हुई है। यह गड्ढा प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदा गया था और बारिश के पानी से भरा हुआ था। इस मामले में प्राधिकरण ने अब कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के साथ ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया

ग्रेटर नोएडा के कलाधाम सोसायटी में हुई इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम आशुतोष मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें सूचना मिली थी और मौके पर जांच पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। उन्होंने सभी खुले गड्ढों की तत्काल बैरिकेडिंग करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राधिकरण ने नॉलेज पार्क थाने में 3 लोगो के खिलाफ FIR दर्ज कराई है जिसमें मनोज जैन ठेकेदार, जूनियर  सुपरवाइजर, आकाश टेक्निकल सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, जिसमें उसकी गिरफ्तारी भी हुई है। प्रधिकरण ने दोनों लोगों पर विभागीय कार्रवाई करने की बात कही है।

ठेकेदार की लापरवाही के चलते हुआ हादसा

प्राधिकरण की तरफ से इस मामले में बताया गया कि उनकी बिना जानकारी के बोरवेल को शिफ्ट कर दिया गया जिसमें ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सुरक्षा उपाय किए जाते तो इस हादसे को टाला जा सकता था। सोसायटी निवासी प्रांजल ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे एक बच्चे ने उन्हें अव्यान के डूबने की सूचना दी। उन्होंने अन्य लोगों को बुलाया, जिसके बाद तीन लोग गड्ढे में उतरे और बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

(रिपोर्ट - राहुल ठाकुर)

ये भी पढ़ें

कुंडा विधायक राजा भैया ने खरीदी 3.45 करोड़ की अल्ट्रा लग्जरी कार, जापानी टेक्नोलॉजी से लैस है SUV

फतेहपुर में मुख्यमंत्री की VIP ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।