1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रुपये लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन, शादी के नाम पर ठगी का खेल, पुलिस ने तीन को दबोचा

रुपये लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन, शादी के नाम पर ठगी का खेल, पुलिस ने तीन को दबोचा

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 29, 2026 05:24 pm IST,  Updated : Aug 29, 2026 05:24 pm IST

मथुरा में शादी के नाम पर ठगी करने के वाले गिरोह का खुलासा हुआ है जिसमें पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों और एक कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है।

मथुरा- India TV Hindi
Mathura Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां थाना सुरीर पुलिस ने शादी के नाम पर कथित रूप से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए इसमें शामिल दो आरोपियों और एक कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह में शामिल आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने की थी ठगी

मथुरा में लुटेरी दुल्हन के रूप में सामने आए इस मामले को लेकर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मांट अमर नाथ यादव ने बताया कि नगला जयसिंह निवासी चंद्रभान ने थाना सुरीर में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के अनुसार उसके बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए थे। आरोप है कि रुपये लेने के बाद चंद्रभान के बेटे को अलीगढ़ स्थित पनेठी देवी मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती से उसकी शादी कराई गई। शादी के बाद युवती को परिवार के साथ गांव भेज दिया गया। लेकिन गांव पहुंचने के कुछ समय बाद युवती अपने कथित साथियों इरफान और सुंदर के साथ फरार हो गई।

तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल

इस मामले में पीड़ित से शिकायत मिलने के बाद थाना सुरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को खायरा चौकी क्षेत्र में खंडहर खायरा कोठी के पास एक पेड़ के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर पुत्र दुर्गा, निवासी अग्रयाला थाना शेरगढ़ जिसकी उम्र करीब 48 साल है। इसके अलावा इरफान पुत्र इकबाल, निवासी डींग गेट नई बस्ती थाना गोविंद नगर, उम्र करीब 28 साल और युवती काजल उर्फ रूबीना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुंदर के कब्जे से 15,500 रुपये और एक रियलमी मोबाइल, इरफान से 22,010 रुपये और एक रियलमी मोबाइल, जबकि युवती काजल उर्फ रूबीना से 7,500 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है। क्षेत्राधिकारी मांट अमर नाथ यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

(रिपोर्ट - विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें

कानपुर में 100 करोड़ के साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश, दुबई में बैठा सरगना चला रहा था गिरोह, पुलिस ने 3 को दबोचा

बरेली में वारदात, पैसों के विवाद में नेता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले, मौत के बाद इलाके में हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।