1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: संभल में फिर गरजा बुलडोजर, मदरसा-मस्जिद समेत 5 दुकानें ध्वस्त की गईं

यूपी: संभल में फिर गरजा बुलडोजर, मदरसा-मस्जिद समेत 5 दुकानें ध्वस्त की गईं

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 05, 2026 04:36 pm IST,  Updated : Apr 05, 2026 04:36 pm IST

यूपी के संभल में बुलडोजर गरजने से हड़कंप मच गया। यहां मदरसा-मस्जिद समेत 5 दुकानों को बुलडोजर के जरिए ध्वस्त किया गया है।

Sambhal- India TV Hindi
संभल में बुलडोजर गरजा Image Source : REPORTER INPUT

संभल: यूपी के संभल में एक बार फिर बुलडोजर गरजा है। संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर बंद में रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। ग्राम समाज की करीब चार बीघा भूमि पर कब्जा कर बनाए गए मदरसा, मस्जिद और पांच दुकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। 

जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई

यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देश पर की जा रही है। राजस्व प्रशासन द्वारा पहले ही कब्जाधारियों को आठ दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने स्वयं ही निर्माण हटाने की कोशिश शुरू कर दी थी, लेकिन समय कम होने के कारण काम पूरा नहीं हो सका। रविवार सुबह करीब सुबह ही जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण हटाने का काम तेज कर दिया गया।

ग्राम प्रधानपति हाजी मुनव्वर ने बताया कि निर्माण हटाने के लिए प्रशासन से जेसीबी की मांग की गई थी, जिसे तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह द्वारा उपलब्ध कराया गया। मशीन का किराया ग्रामीण स्वयं वहन कर रहे हैं। पूरे अवैध निर्माण को हटाने में करीब 20 घंटे का समय लगने का अनुमान है।

कार्रवाई के दौरान गाटा संख्या 623 और 630 की जमीन को कब्जामुक्त कराया जा रहा है, जहां पहले खाद के गड्ढे और खेल का मैदान दर्ज था। इसी जमीन पर ग़ौसुल मदरसा, मस्जिद, दो स्कूल और पांच दुकानों का निर्माण कर लिया गया था। ध्वस्त की गई दुकानों में समोसा-पकौड़े, सब्जी, मेडिकल स्टोर और जन सेवा केंद्र शामिल हैं।

मौके पर किसी प्रकार का तनाव न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं राजस्व टीम भी सीमांकन और पैमाइश के कार्य में जुटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

तहसीलदार का बयान आया सामने

इस घटना पर तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह का बयान भी सामने आया है। (इनपुट: संभल से रोहित व्यास)

यहां सुनें तहसीलदार का बयान- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।