1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजमगढ़ में CM योगी ने दिया बड़ा बयान, बोले- युवाओं को कट्टे से कलम की ओर लेकर जा रहे

आजमगढ़ में CM योगी ने दिया बड़ा बयान, बोले- युवाओं को कट्टे से कलम की ओर लेकर जा रहे

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 03, 2023 06:47 pm IST,  Updated : May 03, 2023 06:50 pm IST

योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 5 साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार करने यहां आए थे, आज अगर वो सड़क मार्ग से यहां आएंगे, तो इस जनपद को पहचान भी नहीं पाएंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ- India TV Hindi
सीएम योगी आदित्यनाथ Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के दूसरे फेज में आजमगढ़ में वोटिंग होगी। ऐसे में बुधवार को चुनाव प्रचार के लिए आजमगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया के अंदर आजगमढ़ को कभी उसके ओज और तेज के लिए जाना जाता था, लेकिन 2017 से पहले जिनके पास सत्ता की बागडोर थी उन लोगों ने इसका केवल दोहन करने का काम किया। हमारे युवाओं के हाथों में कलम की जगह कुछ लोगों ने कट्टा देने का काम किया। आज समय बदल चुका है और हम युवाओं को कट्टे से कलम की ओर लेकर जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहा एसकेपी इंटर कॉलेज मैदान से चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "हम अपने युवाओं तमंचे नहीं टैबलेट दे रहे हैं। उन्हें तकनीकी से जोड़कर स्किल्ड बना रहे हैं।" योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 5 साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार करने यहां आए थे, आज अगर वो सड़क मार्ग से यहां आएंगे, तो इस जनपद को पहचान भी नहीं पाएंगे। आजगमढ़ आज पूरी तरह से बदल चुका है।"

"आजमगढ़ को पूर्वांचल एक्सप्रेस से जोड़ा जा चुका है"

बीजेपी प्रत्याशियों लिए चुनाव प्रचार करते हुए कहा सीएम योगी ने कहा, "2017 से पहले आजमगढ़ पहचान के लिए मोहताज था। यहां के लोगों के दूसरे शहरों में होटल और धर्मशालाओं में कमरे तक नहीं मिलते थे। जिन लोगों ने ये संकट पैदा किया था आज उससे मुक्त करके आजमगढ़ को पूर्वांचल एक्सप्रेस से जोड़ा जा चुका है। यहां एयरपोर्ट बन रहा है और अब कट्टा नहीं कलम के लिए महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय भी शुरू हो चुका है, जल्द ही उसका प्रशासनिक भवन बनने जा रहा है।"

"हम जानते हैं कि 9 साल पहले देश के अंदर क्या स्थिति थी"

योगी ने कहा, "पहली बार आजमगढ़ से एक कलाकार सांसद बना। नजीता ये रहा कि आज यहां हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय बनाया गया। जनपद फिर से अपने गौरवशाली अतीत के लिए जाना जा रहा है। हम सभी जानते हैं कि 9 साल पहले देश के अंदर क्या स्थिति थी। दुनिया में भारत की साख नहीं बची थी। भारत का आदमी कहीं जाता था, तो शक की निगाहों से देखा जाता था। दुनिया के लोग भारत के बारे में अच्छा नहीं सोचते थे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को लेकर धारणा बदली है। दुनिया आज मोदीजी को संकटमोचक समझती है। सूडान संकट से हम अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस ले आए हैं। यूपी के 431 लोग अब तक वापस लाए जा चुके हैं। सरकार की नियत साफ होनी चाहिए। हमने बिना जाति, मत, मजहब देखे सबको योजनाओं का लाभ प्रदान किया। हम तुष्टिकरण पर नहीं सशक्तिकरण पर विश्वास करते हैं।"

यूपी के एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा- सीएम योगी

सीएम ने कहा, "आज युवाओं को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ने का काम हुआ है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 35 लाख करोड़ का निवेश प्रस्ताव आया है। इससे यूपी के एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा। आज हमारे शहर गंदगी के ढेर नहीं स्मार्ट सिटी के रूप में दिख रहे हैं। शोहदों का आतंक नहीं है, सेफ सिटी बन रहा है। यूपी की पहचान देश के सबसे प्रगतिशील राज्य की बन चुकी है। पीएम के विजन को हम मिशन मान कर काम कर रहे हैं। अब कर्फ्यू नहीं कांवड़ यात्रा निकलते हैं। पहले पर्व और त्यौहार के पहले उपद्रव होते थे, अब उत्सव मनाए जाते हैं। आजमगढ़ वालों को निरहुआ का गाना सुनने के लिए इंद्र भगवान भी कृपा कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि आप शिमला-मसूरी में बैठे हैं।"

सीएम योगी ने कहा कि मैं आज आपसे अपील करने आया हूं, जो भी परिवर्तन दिख रहा है वो डबल इंजन सरकार का करिश्मा है। एक साथ डबल स्पीड से काम हो रहे हैं। इसके साथ तीसरा इंजन जुड़ेगा तो विकास की रफ्तार को कई गुना और बढ़ाया जाएगा। पैसे का सही उपयोग होगा तो लाभ सबको मिलेगा।

यह भी पढ़ें- 

"करियर बनाना है, तो कांग्रेस सरकार में संभव नहीं", कर्नाटक में आखिर PM मोदी ने युवाओं से क्यों कही ये बात?

शरद पवार के मन में कौन है-'सुप्रिया सुले या अजीत पवार', NCP का वारिस कौन? प्रफुल्ल पटेल ने किया खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।