आजकल सोशल मीडिया का भूत कुछ ऐसा सवार है कि लोग वायरल होने के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार हैं। कायदे-कानून? वो क्या होता है! सिविक सेंस? अरे, ये किस खेत की मूली है! और मर्यादा? उसका तो लोग नाम ही भूल गए हैं। बिहार के भोजपुर जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपका भी माथा ठनक जाएगा और आप कहेंगे, "ये सब क्या हो रहा है, यार!"
वायरल होने के लिए लड़के गलत काम करते दिखे
तो जनाब, बात ये है कि भोजपुर के नगरी हाल्ट के पास दो 'रील वीर' रेलवे ट्रैक पर तैनात थे। इनके हाथ में छड़ी थी और दिमाग में सिर्फ एक ख्याल – "बस, वायरल होना है!" जैसे ही ट्रेन गुजरी, इन महानुभावों ने ट्रेन के दरवाजे पर बैठे बेचारे यात्रियों पर छड़ी से हमला बोल दिया। ये सब स्टंटबाजी सिर्फ एक रील बनाने के लिए थी, ताकि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की बरसात हो सके। लेकिन इन 'वायरल योद्धाओं' को क्या पता था कि उनकी ये हरकत उन्हें जेल की सैर करा देगी।
RPF ने किया गिरफ्तार
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) को जब इस वीडियो की खबर लगी, तो उन्होंने तुरंत एक्शन लिया। इन दोनों 'छड़ीबाजों' को धर दबोचा गया और उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई। RPF ने ना सिर्फ इनकी करतूत का वीडियो अपने X हैंडल पर शेयर किया, बल्कि सख्त चेतावनी भी दी कि ऐसी हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ये नौजवान ट्रैक के किनारे खड़े हैं और ट्रेन के गेट पर बैठे यात्रियों को छड़ी से पीट रहे हैं।
वीडियो पर लोगों का रिएक्शन
जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एक यूजर ने लिखा, "RPF, कमाल कर दिया! इन बदमाशों को ऐसी सजा दो कि फिर कभी रील बनाने का ख्याल भी न आए!" दूसरा बोला, "हर स्टेशन पर एक फोर्स तैनात करो, वरना ये लोग तो फोन छीनकर भी रील बनाएंगे!" तीसरे ने लिखा, "इनके लिए तो फांसी की सजा भी कम है, किसी की जान जोखिम में डाल दी!" और चौथे ने लिखा, "अरे, इनकी रील तो बन गई, अब जेल में 'जेल रील' बनाओ!" कुछ लोग तो ऐसे भी थे, जिन्होंने RPF की पीठ थपथपाई। एक ने लिखा, "RPF, तुमने तो रियल में दिल जीत लिया। ऐसे बदमाशों को सबक सिखाओ!" कुल मिलाकर, सोशल मीडिया पर गुस्से, मजाक और तारीफ की मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
नशे-नशे में कार पर मारी लात, जब अंदर से निकली पुलिस तो आया होश, दुम दबाकर शख्स ने पकड़ी पतली गली