1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. मजबूरी ने चोर बना दिया वरना ईमानदारी में कोई कमी नहीं! शख्स ने चुराया पैसा, पीछे छोड़ गया लेटर, कहा- वापस कर दूंगा

मजबूरी ने चोर बना दिया वरना ईमानदारी में कोई कमी नहीं! शख्स ने चुराया पैसा, पीछे छोड़ गया लेटर, कहा- वापस कर दूंगा

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Apr 08, 2025 10:03 am IST,  Updated : Apr 08, 2025 10:03 am IST

ढाई लाख रुपये की अजीबोगरीब चोरी की घटना को एक अज्ञात चोर ने अंजाम दिया। चोर ने इस चोरी की घटना को अपनी मजबूरी बताया और कहा कि बाद में वापस लौटा दूंगा। चोर ने चोरी के बाद एक कम्प्यूटर से टाइप किया हुआ पत्र छोड़कर चला गया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : SOCIAL MEDIA

मध्य प्रदेश के खरगोन में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। जहां एक चोर ने एक दुकान से करीब ढाई लाख रुपए चुराए और अपने पीछे एक कंप्यूटर से टाइप की हुई चिट्ठी छोड़ गया। जिसे पढ़ने के बाद पुलिस और दुकानदार हैरान रह गए। चोर ने अपनी इस चिट्ठी में दुकानदार से माफी मांगते हुए लिखा कि वह मजबूरी वश चोरी कर रहा है लेकिन वह वादा करता है कि वह कुछ टाइम बाद वह इन पैसों को वापस कर देगा।

ढाई लाख रुपए ले गया चोर, पीछे छोड़ गया एक लेटर

घटना रामनवमी के दिन की बताई जा रही है। जहां खरगोन के जमींदार मोहल्ले में फूड सप्लायर्स जूजर भाई के यहां एक चोर ने दुकान की शटर उचकाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर ने अपने काम भर के लिए दुकान से ढाई लाख रुपए चुराया और बाकी के करीब 50 हजार रुपए वहीं छोड़कर चला गया। जाते-जाते चोर ने दुकानदार के लिए एक चिट्ठी भी छोड़ गया। जिसमें उसने दुकानदार जूजर भाई का नाम लेते हुए लिखा कि, "सबसे पहले जूजर भाई मैं आपसे माफी मांगता हूं, क्योंकि मैं आपकी दुकान से पैसे चुरा रहा हूं। मैं आपके मोहल्ले का ही रहने वाला हूं, मुझे पैसों की बहुत सख्त जरूरत है। मेरे ऊपर बहुत कर्जा है। मैं आपके पैसे लौटा दूंगा। लेकिन थोड़ा समय लगेगा। 3-4 दिन पहले मैंने आपको आपकी दुकान पर पैसे गिनकर रखते हुए देखा था। तब से मेरे घर पर पैसे लेने वाले रोज आ रहे हैं। मैं ना चाहते हुए भी आपके पैसे चुरा रहा हूं।"

चोर ने कहा अभी पैसा चुराना मेरे लिए बहुत जरूरी

चोर ने आगे दुकानदार को अपनी मजबूरी बताते हुए लिखा- "अगर मैंने ये पैसे नहीं चुराए तो मुझे जेल हो जाएगी। इसलिए रात में आपकी दुकान की शटर उचकाकर पैसे ले रहा हूं और मुझे जितनी कर्ज चुकाना है उतना ही ले रही हूं। बाकी किसी भी समान को हाथ तक नहीं लगाऊंगा। मैं आपसे ये वादा भी कर रहा हूं कि मैं 6 महीने बाद आपके पैसे आपको लौटा दूंगा और आपके सामने भी आ जाऊंगा। तब तक के लिए मैं आपसे और आपके दोनों बेटों से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। मैं रामनवमी के दिन चोरी कर रहा हूं। मेरा चोरी का इरादा नहीं था पर मैं बहुत मजबूर हूं। आप चाहो तो 6 महीने बाद मुझे पुलिस को सौंप देना। पर इस वक्त पैसे चुराना मेरे लिए बहुत जरूरी है। मैंने आपको अपनी सारी बातें सच-सच बता दी पर मैं अभी सामने नहीं आऊंगा। आप मुझे अच्छे से जानते हो पर मैं आपसे यहीं कहना चाहूंगा कि जब मैं आपके पैसे आपको लौटा दूंगा तब आप मुझे जो सजा देना चाहे, मुझे मंजूर होगा।"

चोर द्वारा कंप्यूटर से लिखा हुआ लेटर
Image Source : SOCIAL MEDIAचोर द्वारा कंप्यूटर से लिखा हुआ लेटर

चोरी के बाद दुकानदार ने क्या कहा

चोरी की घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार जूजर भाई ने कहा कि, "कोई मेरी दुकान का शटर उचकाकर पीछे के रास्ते से आया और गल्ले में रखे ढाई लाख रुपए चुराकर ले गया, बाकी के तकरीबन 50 हजार रुपए उसने वैसे ही छोड़ दिया। साथ में एक चिट्ठी भी उसने छोड़ी है।" जब उनसे पूछा गया कि आपको किसी पर शक है तो उन्होंने कहा कि, "मेरे दुकान के सामने से हर रोज 50 लोग निकलते हैं, अब ऐसे में मैं किसको बोलूं कि इस पर मुझे शक है।" 

पुलिस ने कहा- जांच कर रहे हैं

घटना को लेकर SI अरशद खान का कहना है कि हमें जूजर भाई ने सूचना दी थी कि उनकी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोर दुकान का शटर उचकाकर रुपए ले गया। पीछे एक चिठ्ठी भी छोड़ गया है। फिलहाल हम मामले की जांच कर रहे हैं। आगे जांच के बाद ही कुछ कह पाएंगे।  

(खरगोन से अजय तिवारी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

किसी दूसरी दुनिया की लगती है धरती पर मौजूद ये चीज, मानो प्रकृति ने खुद बनाई हो यह कलाकृति

100 साल से भी ज्यादा वक्त से जल रहा है ये बल्ब, जानें अब तक यह खराब क्यों नहीं हुआ

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।