एक रेडिट यूजर ने हाल ही में एक ऐसी घटना साझा की जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। पार्क से लौटते समय उनके वायरलेस ईयरबड कंकड़ों में गिर गए। करीब 10 मिनट तक खुद तलाश करने के बावजूद जब वे नहीं मिले, तो उन्होंने ChatGPT की मदद ली और आश्चर्यजनक रूप से 5 मिनट से भी कम समय में उन्हें ढूंढ़ लिया।
रेडिट पर शेयर किया पूरा वाकया
इस पोस्ट को रेडिट पर u/Just_a_fungi893 यूजर नेम से शेयर किया गया है। पोस्ट में बताया गया कि, यह घटना शुक्रवार की शाम की है। यूजर अपने बेटे के साथ पार्क से बाहर निकल रहे थे। पार्किंग की ओर जाते समय बेटा उनकी बात नहीं मान रहा था, इसलिए वे उसके पीछे दौड़े। इसी भागदौड़ में हुडी की जेब से ईयरबड केस निकलकर जमीन पर गिरा और खुल गया। एक सफेद बोस ईयरबड सफेद बजरी के ढेर में खो गया। यूजर ने रेडिट पर लिखा, “मैंने पूरे 10 मिनट तलाश की। मुझे पता था कि सफेद कंकड़ों के समुद्र में छोटा सफेद ईयरबड मिलना लगभग असंभव है, खासकर जब सूरज ढल रहा हो।” बोस ईयरबड्स की खासियत यह है कि वे पूरी तरह सक्रिय या कनेक्ट तब होते हैं जब कान में लगे होने का पता चलता है। इसलिए सामान्य तरीका- जैसे फोन से तेज आवाज बजाना- काम नहीं आ रहा था।
थक हारकर ChatGPT से मांगी मदद
शख्स के मुताबिक, उन्होंने निराश होकर उन्होंने एक अलग तरीका आजमाया। वे ChatGPT का नियमित इस्तेमाल करते हैं। उन्हें ख्याल आया कि खुद बेकार में जमीन स्कैन करने की बजाय AI से मदद मांगी जाए। उन्होंने उस क्षेत्र की तस्वीरें खींचकर ChatGPT पर अपलोड कीं और खोए हुए ईयरबड को ढूंढने में मदद मांगी।
ChatGPT ने कर दिखाया कमाल
ChatGPT ने पहले तस्वीर का विश्लेषण किया लेकिन पूरी तरह आश्वस्त नहीं हुआ। उसने करीब से क्रॉप की गई, ऊपर से ली गई और ज्यादा डिटेल्ड तस्वीरें मांगी। यूजर ने अतिरिक्त क्लोज-अप फोटो भेजीं। करीब एक मिनट से भी कम समय में AI ने तीसरी तस्वीर में ईयरबड की पहचान कर ली। उसने बताया कि यह तस्वीर के बाईं ओर, वर्टिकल मिडपॉइंट से थोड़ा ऊपर, लाल रंग की झाड़ी के पास पत्थरों के बीच पड़ा है। AI ने चिकने सफेद बॉडी और ग्रे सिलिकॉन पार्ट का जिक्र करते हुए सटीक लोकेशन मार्क कर दी।

पोस्ट देखकर यूजर्स भी हैरान
इस पोस्ट को देखने के बाद कई यूजर्स हैरान रह गए। उन्होंने लिखा, “पांच मिनट भी नहीं लगे और यह सच में मिल गया। मुझे लगता है कि ChatGPT के बिना मैं कभी इसे नहीं ढूंढ़ पाता।” पूरी प्रक्रिया—फोटो अपलोड करने से लेकर ईयरबड हाथ में आने तक 5 मिनट से कम में पूरी हो गई। यह पोस्ट रेडिट पर हजारों अपवोट्स और सैकड़ों कमेंट्स हासिल कर चुकी है। लोग AI की इमेज रिकग्निशन क्षमता पर चर्चा कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे रोजमर्रा की समस्याओं को सुलझाने में AI के व्यावहारिक उपयोग का उदाहरण बताया। कुछ ने अन्य खोई हुई चीजों को ढूंढने के टिप्स शेयर किए, जबकि कुछ ने AI की संभावित गलतियों के बारे में सावधानी भी जताई।
गौरतलब है कि, इससे पहले सब्जी वालों के लिए AI आने का दावा करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो को कई यूजर्स ने पसंद किया था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
"नाईयों की नौकरियां भी खतरे में..." AI टेक्निक से शेविंग का Video शेयर कर बोले बिजनेसमैन हर्ष गोयनका