जापान में रहने वाली भारतीय कंटेंट क्रिएटर प्रगति ने एक बार फिर अपने आईफोन 16 प्रो को खोने और सुरक्षित पा लेने का अनुभव साझा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि यह पांचवीं बार है जब उन्होंने जापान में अपना फोन खोया और वह वापस मिल गया। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मेरा iPhone 16 Pro जापान में फिर से खो गया। और हां... यह पांचवीं बार था, लेकिन किसी तरह, मुझे वह फिर से मिल गया! सच कहूं तो, मुझे लगता है कि ऐसी चीज़ सिर्फ जापान में ही हो सकती है।”
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @lucknowiinjapan नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इस वीडियो में प्रगति ने बताया कि वे अक्सर अपना फोन कहीं छोड़ देती हैं क्योंकि वे इसे लगातार चेक नहीं करतीं। इस बार भी उन्होंने कई घंटों बाद महसूस किया कि फोन गायब है। एप्पल की फाइंड माय फीचर की मदद से उन्होंने दूसरे डिवाइस से ट्रैक किया तो पता चला कि फोन करीब 600 मीटर दूर है। रात के लगभग 12 बजे वे उस जगह पहुंचीं और फोन को ठीक उसी स्थान पर पाया जहां उन्होंने छोड़ा था। फोन घंटों तक बेवारिस पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसे छुआ तक नहीं।
पहले भी खो चुका है फोन
यह घटना उनके लिए नई नहीं थी। उन्होंने याद किया कि पहले भी फोन पुलिस स्टेशन, सब्जी बाजार और शॉपिंग के दौरान ट्रायल रूम में दो बार मिला था। हर बार फाइंड माय ऐप की मदद से वे फोन ढूंढ पाती हैं। प्रगति ने कहा, 'लोग कहते हैं कि फ़ोन की लत लगना बहुत बुरी बात है, लेकिन मेरे लिए, फ़ोन की लत न होना बहुत बुरी बात है।' वे कभी-कभी दो-तीन घंटे बाद याद करती हैं कि फोन कहां छूट गया।
नागरिकों को दिया श्रेय
जापान में खोई हुई चीजें वापस करने की संस्कृति प्रसिद्ध है। लोग अक्सर खोई हुई वस्तुएं पुलिस स्टेशन जमा करा देते हैं बजाय कि उन्हें अपने पास रखने के। प्रगति ने इस ईमानदारी और नागरिक जिम्मेदारी को इस अनुभव का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि वे कल्पना भी नहीं कर सकतीं कि किसी और देश में इतनी बार लगातार ऐसा हो। यह जापान की संस्कृति का नतीजा है जहां लोग खोई हुई चीजों को छूते तक नहीं या उन्हें सही जगह जमा कर देते हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने “ओनली इन जापान!” और “जापान की ईमानदारी बेमिसाल है” जैसे कमेंट किए। कुछ ने इसे हैरान करने वाला और असामान्य बताया। लोग जापान की खोई-पाई संस्कृति की तारीफ कर रहे हैं, जहां फोन जैसी महंगी वस्तु भी सुरक्षित वापस मिल जाती है।
एक यूजर ने लिखा कि, 'जापान की ईमानदारी बेमिसाल है।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'जापान हमेशा चौंकाता है।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'यह सचमुच अविश्वसनीय है।'
चौथे यूजर ने लिखा कि, 'ऐसा सिर्फ जापान में ही हो सकता है!'
गौरतलब है कि, इससे पहले 40 साल पुराने जापानी घर की खूबसूरती पर भारतीय शख्स के रिएक्शन का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -